बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में रविवार को सुबह सैर पर निकले के मंडल अध्यक्ष मनोज ठाकरे हत्या कर दी गई। उनकी पत्थर से कुचलकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बालवाड़ी मंडल के अध्यक्ष ठाकरे रविवार की सुबह लगभग पांच बजे सैर पर निकले थे, मगर उनका शव खेत में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव के खून से लथपथ मिलने के कारण उनकी पत्थर से कुचलकर से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने ठाकरे का शव खेत में मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस मौके पर पहुंच गई है और जांच की जा रही है। राज्य के गृहमंत्री बाला बच्चन ने कहा, “ठाकरे की हत्या करने वाले उनके करीबी हो सकते हैं। मंदसौर में भी ऐसा ही हुआ था, वहां भी भाजपा नेता का हत्यारा उनका करीबी निकला।”
ज्ञात हो कि मंदसौर जिले में गुरुवार की रात को नगर पालिका अध्यक्ष प्रहलाद बंधवार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्या का आरोप भाजपा कार्यकर्ता मनीष बैरागी पर लगा। हत्या की वजह जमीनी विवाद बताया गया।