गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी के अफेयर से गुस्से में आकर उसकी हत्या कर दी। बेटी अक्सर अपने प्रेमी को घर बुलाया करती थी, जिससे उसकी मां काफी नाराज होती थी। महिला ने अपनी बेटी को ऐसा करने से कई बार रोका लेकिन वो नहीं मानी। इसके बाद गुस्से में आकर उसने अपनी बेटी की हत्या कर दी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ये मामला यूपी के गाजियबाद का है। पुलिस ने बताया कि 18 अप्रैल को आरोपी महिला को गिरफ्तार किया गया। उसने पूछताछ में कबूल किया कि उसने अपने बेटे के साथ मिलकर अपनी बेटी की हत्या कर दी है। उसने पुलिस को बताया कि उसकी 15 साल की बेटी का एक युवक से अफेयर था। वो उसको घर पर बुलाकर मिलती थी। कई बार मना करने पर वो नहीं मानी, यहां तक कि उसने छुटकारा पाने के लिए कई बार घर भी बदला लेकिन हर बार बेटी अपने प्रेमी को नए घर का पता दे देती थी।
महिला ने बताया कि उसने अपने बेटे के साथ मिलकर बेटी की हत्या कर दी। इसके बाद जब दोनों शव को ठिकाने लगाने के लिए पीले प्लास्टिक के थैले में ले जा रहे थे तो स्थानीय लोगों को शक हुआ। उन्होंने पूछताछ की लेकिन दोनों कुछ नहीं बोले। इसके बाद उन लोगों ने दोनों को रोक लिया और पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने बैग खोला तो लड़की का शव मिला।