RegionalTop News

जिला प्रशासन ने कुलदीप सिंह सेंगर के हथियारों के लाइसेंस किए निरस्त

नई दिल्ली। दुष्कर्म के आरोपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को एक और झटका लगा है। हाल ही में बीजेपी से निष्काशित किए गए विधायक के तीनों हथियारों का लाइसेंस उन्नाव जिला प्रशासन ने रद्द कर दिया है।

सेंगर के नाम पर एक बंदूक, एक राइफल और रिवाल्वर थे जिसको जिलाधिकारी देवेंद्र कुमार पांडेय ने आयुध लिपिक से विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा के बाद तीनों हथियारों का लाइसेंस रद्द करने का आदेश दे दिया।

आपको बता दें कि अप्रैल 2018 में भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था। जिसके बाद विधायक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। फिलहाल इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है। पीड़ित पक्ष ने विधायक के शस्त्र लाइसेंस रद्द करने की मांग की थी।

गौरतलब है कि उन्नाव के विधायक कुलदीप सेंगर पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली पीड़िता अपने परिजनों समेत रायबरेली से उन्नाव लौटते समय रास्ते में सड़क हादसे का शिकार हो गई थी।

कार और ट्रक के बीच हुई टक्कर में पीड़िता की चाची और मौसी की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि पीड़िता और उसके वकील महेंद्र सिंह चौहान गंभीर रूप से घायल हैं। इन दोनों का लखनऊ स्थित केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है।

=>
=>
loading...
Mohammad Faique
the authorMohammad Faique