City NewsRegionalTop News

रास्ते में ख़त्म हो गया ऐंबुलेंस का पेट्रोल, गर्भवती महिला की मौत

भुवनेश्वर। ओडिशा के बारीपाड़ा में ऐंबुलेंस से सरकारी अस्पताल ले जाने के दौरान एक गर्भवती की मौत हो गई। महिला की मौत का कारण लचर प्रशासनिक व्यवस्था पर सोचने को मजबूर कर देगा, क्योंकि वह जिस ऐंबुलेंस में थी, उसका ईंधन रास्ते में ही खत्म हो गया।

बारीपाड़ा में पंडित रघुनाथ मुर्मू मेडिकल कॉलेज ऐंड हॉस्पिटल (पीआरएमएमसीएच) में महिला को शिफ्ट किया जाना था। शुक्रवार की रात उसे अस्पताल की ओर लेकर जा रही एंबुलेंस का ईंधन कथित तौर पर बीच रास्ते में ही खत्म हो गया। हांडा गांव के चित्तरंजन मुंडा की पत्नी तुलसी मुंडा को शुक्रवार की रात प्रसव पीड़ा हुई, जिसके बाद उसे बांगिरीपोशी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया। उसकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे पीआरएमएमसीएच रेफर कर दिया। जब उसे ऐंबुलेंस में लेकर जाया जा रहा था तो बारीपाड़ा कस्बे के बाहरी इलाके में ही उसका ईंधन खत्म हो गया। इसके 45 मिनट बाद एक और ऐंबुलेंस मौके पर पहुंची, मगर उसी बीच महिला की मौत हो गई।

महिला के पति चित्तरंजन मुंडा ने कहा, ‘ऐंबुलेंस का ईंधन खत्म हो गया था, जिसके बाद आशा कार्यकर्ता ने दूसरी ऐंबुलेंस के लिए फोन किया। तब तक लगभग एक घंटा बीत चुका था। जब हम अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने मेरी पत्नी को मृत घोषित कर दिया।’ मयूरभंज के मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी प्रदीप महापात्रा ने कहा, ‘इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बारे में मुझे आज पता चला। ऐंबुलेंस के चालक के अनुसार, वाहन का तेल पाइप बीच में ही लीक हो गया। मैं हालांकि इस मामले की जांचकर उचित कार्रवाई करूंगा।’

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH