जयपुर। जयपुर में ड्यूटी के लिए घर से निकली लेडी पुलिस कांस्टेबल को डंपर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक लेडी पुलिस कानस्टेबल का नाम पूजा चौधरी बताया जा रहा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। हादसे की शिकार पूजा चौधरी निवासी सीकर के पाटन में दयाल का नांगल हाल आरपीए क्वार्टर निवासी थी। पूजा 2015 में कमिश्नरेट में महिला कांस्टेबल में भर्ती हुई थी। वर्तमान में वह कमिश्नरेट की भर्ती शाखा में तैनात थी।
यह दर्दनाक हादसा तब हुआ जब कांस्टेबल पूजा चौधरी करीब दोपहर 1 बजे अपने घर से स्कूटी पर सवार होकर ड्यूटी जाने के लिए निकली थी। कुछ दूर चलते ही जयपुर नगर निगम के कचरा संग्रहण वाहन (डंपर) ने उसको टक्कर मार दी। इससे पूजा स्कूटी सहित सड़क पर गिर गई।
डंपर का टायर उसके कंधे व चेहरे के ऊपर से निकल गया। सड़क पर खून बहने लगा और वह चीखने लगी। लेकिन चंद पलों में ही उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मृतका के परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। वह अपने घर के साथ-साथ छोटे भाई की पढ़ाई का खर्चा भी उठा रही थी।