City NewsRegionalTop News

2 किलो चना लेकर पति-पत्नी ने रेलवे ट्रैक पर पैदल तय की 390 किमी की दूरी, किसी ने नहीं दी लिफ्ट

नई दिल्ली। चीन के वुहान शहर से शुरू हुए कोरोना वायरस ने पूरी दुनिया में कोहराम मचा रखा है। हज़ारों की संख्या में लोग अस्पताल में भर्ती हैं तो रोज़ हजारों लोग इस वायरस से दम तोड़ रहे हैं। भारत में इस वायरस के असर को कम करने के लिए पीएम मोदी ने 21 दिन के लॉकडाउन का एलान किया है। हालांकि ये लॉक डाउन मजदूर वर्ग के लिए बहुत घातक सिद्ध हो रहा है। रोज़ कमाने रोज़ खाने वाले मजदूर वर्ग पर इसकी सबसे ज्यादा चोट हुई है। काम तो गया ही साथ ही जो जहाँ था वहीँ फंस गया। ऐसे में कुछ लोग भूखा मरने से अच्छा सैकड़ों किमी का सफर पैदल ही तय कर अपने घर पहुँच रहे हैं।

ऐसा ही एक मामला रतलाम में सामने आया है। यहां का एक दंपती गुजरात के सूरत में मजदूरी करता है। लॉकडाउन के बाद उनके पास कोई काम नहीं बचा। दोनों रेलवे ट्रैक के सहारे पैदल ही वहां से यहां आ गए। इन्होंने 83 घंटे में 390 किलोमीटर की दूरी तय की। जब इनसे सफर के बारे में पूछा गया तो बताया हमारे दिमाग में बस यही था कि रुके तो फंस जाएंगे, इसलिए रोज 3 घंटे से ज्यादा नहीं सोए। खाने के लिए भी दो किलो चने लेकर निकले थे।

यह लोग रतलाम जिले के चंद्रगढ़ के नालपाड़ा के रहने वाले हैं। पूंजालाल बारिया (28) ने बताया वह पत्नी इंदिरा (25) के साथ एक महीने पहले मजदूरी करने सूरत गया था। वहां वे बिल्डिंग निर्माण कार्य से जुड़े थे।कोरोनावायरस के कारण 20 मार्च से ही वहां काम बंद हो गया था। 23 मार्च की सुबह 4 बजे हम भी वहां से पैदल निकले। सूरत से अंकलेश्वर तक (66 किमी) हम सड़क पर होते हुए आए वहां से रेलवे पटरियों के सहारे चलना शुरू किया। दाहोद तक हमारे साथ 50 से ज्यादा लोग थे, इसके बाद हम अकेले रह गए। जहां अंधेरा हो जाता, वहां मोबाइल की टाॅर्च में चलते। रात में 1 बजे बाद ही तीन घंटे सोते और उजाला होते ही फिर चल पड़ते। भूख लगती तो साथ लाए चने खा लेते। हमें डर था कि यदि रुके तो यहीं फंस जाएंगे।

हर घंटे 5 किलोमीटर से ज्यादा चले

दंपती ने बताया हमें पता नहीं कितनी देर में कितनी दूर चले, लेकिन इनके सूरत से चलने के समय और रतलाम पहुंचने के वक्त को जोड़ा तो पता चला यह हर घंटे 5 किमी से ज्यादा चले। आराम करने के 9 घंटे हटा दें तो 74 घंटे में 390 किमी की दूरी तय कर ली। उन्होंने बताया कि बड़ौदा तक रेलवे ट्रैक के साथ ही कुछ देर लोगों के साथ सड़क पर चले, जहां हमने लिफ्ट लेने का प्रयास किया, लेकिन नहीं मिली तो पैदल ही आना पड़ा।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH