उज्जैन। उज्जैन से एक ऐसा मामला सामने आया है उसे जिसने भी देखा गुस्से से भर गया। यहां कुछ लड़कों ने एक कुत्ते के साथ क्रूरता की सारी हदें पार कर दी। पहले तो लड़कों ने कुत्ते के मुंह और पैर बांधे फिर उसे तालाब में फेंक दिया जिससे वो तैरकर बाहर न आ सके। इतने से भी मन नहीं भरा तो उसपर पत्थर बरसाए। कुछ ही मिनटों में कुत्ते की पानी में डूबकर मौत हो गई। लड़को ने इस घटना का वीडियो बनाकर उसे फेसबुक पर अपलोड कर दिया। कुछ ही घंटों में वीडियो वायरल हो गया। जिसने भी ये वीडियो देखा उसका खून खौल गया। लोग तुरंत ही आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो को देखने के बाद पीपल फॉर द एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल संस्था के सदस्यों ने दिल्ली से उज्जैन एसपी मनोज सिंह को ई-मेल किया। घटना की जानकारी लगते ही एसपी ने साइबर सेल को जानकारी जुटाने में लगाया, जिसके बाद पुलिस ने तीन लड़कों को गिरफ्तार कर लिया। एसआई तरुण कुरील ने बताया आरोपियों में दो नाबालिग है।
बताया जा रहा है ये लड़के पेशे से सुअर पकड़ने का काम करते हैं मोहल्ले का ये स्ट्रीट डॉग इन्हें परेशान करता था।आज भी इनके आते ही कुत्ते ने भौंकना शुरू कर दिया। बस उसके बाद इन तीनों ने मिलकर उसे बांधा और फिर तालाब में फेंक दिया।