मुंबई। अमिताभ और अभिषेक के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद अब ऐश्वर्या राय और उनकी बेटी आराध्या बच्चन भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं. हालांकि जया बच्चन की रिपोर्ट निगेटिव आई है। डॉक्टरों का कहना है कि दोनों को बहुत हलके लक्षण हैं जिसका इलाज घर पर ही किया जा सकता है। अगर जरूरत होगी तो उन्हें अस्पताल में भर्ती किया जाएगा।
बता दें कि शनिवार देर रात अमिताभ बच्चन और अभिषेक ने खुद कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की जानकारी दी थी। बताते चलें कि अभिषेक ने ट्वीट कर बताया था कि उन्होंने बीएमसी समेत सभी जरूरी अथॉरिटीज को इस बात की जानकारी दे दी है। दोनों को मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती किया गया है।
नानावती सुपर स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल के पीआरओ के मुताबिक अमिताभ बच्चन की हालत अब पहले से बेहतर है। इससे पहले अस्पताल के सूत्रों ने कहा था, अमिताभ बच्चन को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। शनिवार को रात लगभग 10 बजे उन्हें अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के एक डॉक्टर ने कहा, ‘वह स्थिर हैं, लेकिन सांस लेने में दिक्कत हो रही है। उनकी उम्र और ट्यूबरक्यूलोसिस समेत पिछली बीमारियों को देखते हुए, उनकी हालत में सुधार आने में समय लग सकता है।’