Top NewsUttar Pradesh

हाथरस गैंगरेप पीड़िता की मौत पर गुस्से में प्रियंका, योगी सरकार पर बोला हमला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के हाथरस में गैंगरेप का शिकार हुई युवती की दिल्ली के अस्पताल में मौत हो गई है। चार लोगों ने कुछ दिन पहले उसके साथ गैंगरेप किया था। गैंगरेप के बाद दलित बिटिया की जुबान काटी गई और भयानक जख्म दिए गए थे। गंभीर हालत में उसे दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उसे दम तोड़ दिया। इस मामले में पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

उधर, इस पूरे मामले पर राजनीति भी शुरू हो गई है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने योगी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि यूपी में महिलाओं की सुरक्षा का नाम-ओ-निशान नहीं है। प्रियंका ने मंगलवार को ट्विटर के माध्यम से लिखा कि, यूपी में कानून व्यवस्था हद से ज्यादा बिगड़ चुकी है। महिलाओं की सुरक्षा का नाम-ओ-निशान नहीं है। अपराधी खुले आम अपराध कर रहे हैं। इस बच्ची के कातिलों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। मुख्यमंत्री योगी, उप्र की महिलाओं की सुरक्षा के प्रति आप जवाबदेह हैं। उन्होंने आगे लिखा कि हाथरस में हैवानियत झेलने वाली दलित बच्ची ने सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। दो हफ्ते तक वह अस्पतालों में जिंदगी और मौत से जूझती रही। हाथरस, शाहजहांपुर और गोरखपुर में एक के बाद एक रेप की घटनाओं ने राज्य को हिला दिया है।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के हाथरस स्थित चंदपा थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवती दुष्कर्म का शिकार हो गयी थी। वहशियों की दरिंदगी की शिकार पीड़िता की रीढ़ की हड्डी तोड़ दी गई। पीड़िता पिछले दो हफ्ते से अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती थी। वहां हालत में कोई सुधार नहीं होने पर उसे दिल्ली के सफदरजंग हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था जहां उसकी मौत हो गई।

 

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH