Top NewsUttar Pradesh

बुंदेलखंड को जिस विकास की आस थी, उसे वह हक मिलना ही चाहिए: योगी आदित्यनाथ

महोबा| उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को महोबा जनपद में अर्जुन सहायक परियोजना के लहचूरा बांध का स्थलीय निरीक्षण करने के बाद वहां उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि बुंदेलखंड की धरती आने वाले दिनों में सोना उगलेगी। इस दिशा में अर्जुन सहायक परियोजना की बड़ी भूमिका होगी। बुंदेलखंड को जिस विकास की आस थी, उसे वह हक मिलना ही चाहिए। मुख्यमंत्री ने जलशक्ति मंत्रात्रलय के लिए कहा कि अभी तक लोग समझते थे कि जलशक्ति मंत्रालय केवल हैंडपंप ही लगवाता है लेकिन मंत्रालय ने पानी का पावर दिखा दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2600 करोड़ रुपये की लागत वाली अर्जुन सहायक परियोजना से महोबा, हमीरपुर और बांदा जिले के किसानों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आएगा। एक-दो माह में इस परियोजना को पूर्ण कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों इसका लोकार्पण कराया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महोबा से मेरा विशेष लगाव है। यह वीरभूमि है, आस्था की भूमि है। यहां की कई विशेषताएं हमें आध्यात्मिक और ऐतिहासिक परंपराओं से जोड़ती हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से प्रदेश सरकार यहां तेजी से विकास कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों ने यहां के 168 गांव को सिंचाई की सुविधा से तथा चार लाख लोगों को पेयजल की सुविधा से वंचित कर रखा था। यहां की योजनाएं कई सालों से लंबित पड़ी थीं। अब हम इस क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर कई स्तर पर कार्य कर रहे हैं। बुंदेलखंड को एक्सप्रेसवे, डिदेंस कॉरिडोर और जल जीवन मिशन जैसी परियोजनाएं नई ऊंचाई पर ले जाएंगी। अर्जुन सहायक परियोजना से चार लाख लोगों को शुद्घ पेयजल की सुविधा मिलने की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि शुद्घ पेयजल से आधी बीमारियां अपने आप दूर हो जाएंगी। बुंदेलखंड में हम जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल से जल पहुंचा रहे हैं।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH