HealthLifestyleNationalTop News

भारत में पिछले 24 घंटों में आए कोरोना के 2 लाख से ज्यादा मामले, 1038 की मौत

i

नई दिल्ली। देशभर में कोरोना ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से सुबह आठ बजे जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 2 लाख से अधिक नए मामले सामने आए हैं। 10 दिन पहले देश में एक दिन में एक लाख के करीब मामले सामने आए थे और अब कोरोना संक्रमण के मामलों का आंकड़ा 2 लाख के पार पहुंच गया है।

इस दौरान 1,038 लोगों की मौत हुई है और मृतकों की संख्या 1,73,123 हो गई है। पिछले साल 18 अक्टूबर के बाद पहली बार एक दिन में एक हजार से अधिक लोगों की मौत हुई थी।

हालांकि, मृत्युदर में लगातार गिरावट आ रही है और मौजूदा समय में यह 1.24 फीसद पर आ गई है। देश में कुल संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ 40 लाख 74 हजार को पार कर गया है। इनमें से एक करोड़ 24 लाख 29 हजार से ज्यादा मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। मरीजों के उबरने की दर 88.92 फीसद पर आ गई है।

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक देश भर में कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए बुधवार को 13 लाख 84 हजार 549 नमूनों की जांच की गई। इनको मिलाकर अबतक कुल 26 करोड़ 20 लाख 3 हजार से अधिक नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है।

आपको बता दें कि अमेरिका ही इकलौता ऐसा देश है जिसने एक दिन में 2 लाख से ज्यादा मामले दर्ज किए हैं। अमेरिका को एक लाख से 2 लाख का आंकड़ा पार करने में 21 दिन का वक्त लगा था।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH