Sports

ओलंपिकः भारत का पहला जत्था पहुंचा जापान, विभिन्न स्पर्धाओं में दिखाएंगे दम-खम

दिल्लीः टोक्यो ओलंपिक में जीत का परचम लहराने के लिए भारतीय जत्था जापान के लिए निकल चुका है। भारतीय दल का 88 सदस्यीय पहला जत्था 23 जुलाई से शुरू होने वाले खेलों के लिए रविवार की सुबह यहां पहुंच गया। कोविड-19 महामारी के बीच आयोजित किए जा रहे खेलों के लिए भारत के आठ खेलों तीरंदाजी, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, हॉकी, जूडो, जिम्नास्टिक, तैराकी और भारोत्तोलन के खिलाड़ी, सहयोगी स्टाफ और अधिकारी नई दिल्ली से विशेष विमान से जापान की राजधानी पहुंचे।

पहला जत्था 88 सदस्यों का है जिनमें 54 खिलाड़ियों के अलावा सहयोगी स्टाफ और भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के प्रतिनिधि भी शामिल हैं। भारतीय खिलाड़ियों का हवाई अड्डे पर कुरोबे शहर के प्रतिनिधियों ने स्वागत किया। उनके हाथों में बैनर थे जिन पर लिखा था, कुरोबे भारतीय खिलाड़ियों का समर्थन करता है। चीयर्स4इंडिया। हॉकी में पुरुष और महिला हॉकी टीमें शामिल हैं। यह किसी एक खेल में भारत का सबसे बड़ा दल है। इससे पहले शनिवार की रात को खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने नई दिल्ली में इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर हर्ष ध्वनि, तालियों की गड़गड़ाहट और शुभकामना संदेशों के साथ भारतीय दल को औपचारिक विदाई दी।

भारत से विदाई भी रही यादगार

हवाई अड्डे पर अप्रत्याशित दृश्य देखने को मिला। ओलंपिक दल के लिए लाल कालीन बिछाया गया था। खिलाड़ियों की विदाई के लिए इतना उत्साह बना हुआ था कि भारत सरकार ने इन सदस्यों की कागजी औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए विशेष व्यवस्था की थी। ठाकुर के अलावा विदाई समारोह में खेल राज्यमंत्री निसिथ प्रमाणिक, भारतीय खेल प्राधिकरण के महानिदेशक संदीप प्रधान, आईओए के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा और महासचिव राजीव मेहता ने भी हिस्सा लिया। भारत के कुछ खिलाड़ी विदेशों में अपने अभ्यास स्थलों से पहले ही टोक्यो पहुंच चुके थे।

 

=>
=>
loading...