International

पाकिस्तान में हिंदू लड़की को किडनैप कर करवाया धर्म परिवर्तन, मुस्लिम लड़के से करवाया निकाह

नई दिल्ली। पाकिस्तान में हिंदू लड़कियों का धर्म परिवर्तन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। अब पाकिस्तान के दक्षिणी हिंद प्रांत में एक हिंदू लड़की को किडनैप करने के बाद उसका धर्म परिवर्तन कराकर एक मुस्लिम लड़के से उसका निकाह करा दिया गया। लड़की के पिता ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया, जहां से पुलिस ने लड़की को आरोपियों के चंगुल से बरामद कर लिया है।

लड़की ने एक वीडियो संदेश में कहा कि उसका अपहरण कर लिया गया था और जबरन इस्लाम धर्म कुबूल करवाया गया और फिर खलील नामक एक व्यक्ति से शादी कर दी गई। किशोरी को एक महिला केंद्र भेजा गया है और उसने अदालत से अनुरोध किया है कि उसे अपने माता-पिता के पास वापस जाने दिया जाए। लड़की के पिता सुंदर मल ने कहा, ‘हम गरीब हैं और हमारे पास अदालत आने के लिए बस का किराया भी नहीं है। आज मेरी बेटी ने सच कहा। अदालत को उसे घर जाने देना चाहिए और उन दोषियों को दंडित करना चाहिए जो लड़कियों का अपहरण करते हैं, उनका यौन शोषण करते हैं और उन्हें बेच भी देते हैं।’

सुंदर मल का प्रतिनिधित्व कर रहे वकील दिलीप कुमार मंगलानी ने कहा कि जबरन धर्मांतरण के कारण हिंदू लड़कियों और उनके परिवारों को खतरा है और यह समस्या सिंध के भीतरी इलाकों में अधिक है। उन्होंने शिकायत की, ‘हम अपनी ओर से पूरा प्रयास करते हैं, लेकिन ज्यादातर मामलों में अपहृत लड़कियां कम उम्र की होती हैं और अदालत में आरोपी फर्जी दस्तावेज या प्रमाण पत्र पेश करते हैं और पुलिस भी मदद नहीं करती है।’ उन्होंने कहा कि करीना भी नाबालिग थी।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH