NationalTop News

Independence Day : लालकिले की प्राचीर से बोले पीएम मोदी, भारत लोकतंत्र की जननी है

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के 76वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से देश को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज आजादी की जंग लड़ने वाले और आजादी के बाद देश बनाने वाले भी डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद, जवाहरलाल नेहरू, सरदार पटेल, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, लाल बहादुर शास्त्री, दीन दयाल उपाध्याय, जयप्रकाश नारायण, राम मनोहर लोहिया, आचार्य विनोबा भावे, नाना जी देशमुख जैसे अनेक महापुरुषों को आज नमन करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि मैं विश्व भर में फैले हुए भारत प्रेमियों को, भारतीयों को आजादी के इस अमृत महोत्सव की बहुत-बहुत बधाई देता हूं।

पीएम मोदी ने कहा कि इन लोगों ने अपने कर्तव्य के लिए अपना जीवन दे दिया। कर्तव्य पथ ही उनका जीवन पथ रहा। हर भारतीय गर्व से भर जाता है, जब वह भारतीय महिलाओं रानी लक्ष्मीबाई, झलकारी बाई, चेनम्मा, बेगम हजरत महल की शक्ति को याद करता है। पीएम मोदी ने कहा कि हमारे भारत ने सिद्ध कर दिया कि हमारे पास ये अनमोल सामर्थ्य है। 75 साल की यात्रा में आशाएं, अपेक्षाएं, उतार-चढ़ाव सब के बीच हर एक के प्रयास से हम यहां तक पहुंच पाए। आजादी के बाद जन्मा मैं पहला व्यक्ति था जिसे लाल किले से देशवासियों का गौरव गान करने का अवसर मिला।

उन्होंने कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी है। मदर ऑफ डेमोक्रेसी है। जिनके जेहन में लोकतंत्र होता है और वे जब संकल्प करके चल पड़ते हैं तो वो सामर्थ्य दुनिया की बड़ी बड़ी सल्तनतों के लिए भी संकट का काल लेकर आती है। ये मदर ऑफ डेमोक्रेसी है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत वो देश है जो कण कण में शंकर देखता है। भारत की जीवन शैली ने दुनिया को प्रभावित किया है। हमें अपनी विरासत पर गर्व होना चाहिए। हम वो लोग हैं, जो जीव में शिव देखते हैं, हम वो लोग हैं, जो नर में नारायण देखते हैं, हम वो लोग हैं, जो नारी को नारायणी कहते हैं, हम वो लोग हैं, जो पौधे में परमात्मा देखते हैं, हम वो लोग हैं, जो नदी को मां मानते हैं, हम वो लोग हैं, जो कंकड़-कंकड़ में शंकर देखते हैं।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH