Top NewsUttar Pradesh

गोरखपुर: यज्ञ के दौरान पागल हाथी ने तीन को कुचला, तीनो की मौत  

गोरखपुर। उप्र के गोरखपुर जनपद से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां के चिलुआताल थाना क्षेत्र के मुहम्मदपुर माफी गांव में आज गुरुवार को यज्ञ के दौरान पगलाए हाथी ने आतंक मचा दिया।

इस दौरान हाथी ने दो महिलाओं समेत तीन को कुचल दिया। जिससे दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक ने अस्पताल जाते समय दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। ग्रामीण दहशत में हैं।

मातम में बदली खुशी

प्राप्त समाचार के अनुसार जगतबेला के मुहम्मदपुर माफी गांव में यज्ञ का आयोजन चल रहा था। चारों तरफ उत्सव का माहौल था। इसी दैरान अचानक हाथी सनक गया और आतंक मचा दिया। जिससे पूरा माहौल गमगीन हो गया।

हाथी के हमले में तीन लोगों की जान चली गई। घटना के बाद हाथी गीडा की तरफ भाग गया है। सूचना पाकर वन विभाग और चिलुआताल सहित आसपास के कई थानों की फोर्स हाथी को कब्जे में करने के लिए रवाना हो गई।

घरों से निकलने से डर रहे लोग

हाथी के हमले में तीन लोगों की मौत ने लोगों को सहमा दिया है। भय के कारण लोग घरों से बाहर निकलने से भी कतरा रहे हैं। गांव में दोबारा हाथी के आने की आशंका में लोग अपने-अपने बच्चों को लेकर घरों के अंदर दुबके हुए हैं।

इनकी हुई मौत

सनकी हाथी के कुचलने से कौशल्या देवी (50) पत्नी दिलीप मद्धेशिया और कांति देवी (55) पत्नी शंकर उपाध्याय की मौत हो गई। कृष्णा (04) नाम का लड़का जो गांव में अपने ननिहाल आया था उसे भी हाथी ने रौंद दिया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी भी जान नहीं बच सकी। तीनों की मौत से सभी परिवारों में कोहराम मचा है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH