City NewsRegional

बिहार शरीफ में फिर भड़की हिंसा, लगाया गया कर्फ्यू, सासाराम में स्कूल 4 अप्रैल तक बंद

पटना। बिहार के नालंदा और सासाराम में रामनवमी पर भड़की हिंसा के बाद हंगामा लगातार जारी है। नालंदा के बिहार शरीफ में शनिवार शाम फायरिंग से एक शख्स की मौत के बाद हालात फिर बिगड़ गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने इलाके में कर्फ्यू लगा दिया। इंटरनेट सेवाएं ठप हैं।

उधर, सासाराम में बम ब्लास्ट की सूचना से हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में पता चला कि ये ब्लास्ट बम बनाने के दौरान हुआ, जिसमें 6 लोग घायल हुए हैं। घायलों को BHU अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं दो अन्य लोगों का इलाज स्थानीय सदर अस्पताल में चल रहा। इस बीच रोहतास के डीएम ने सासाराम में हालात को देखते हुए सभी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं।

नालंदा के बिहार शरीफ में शनिवार को देर शाम फिर हिंसा भड़क गई। जानकारी के मुताबिक, पहाड़पुरा, खासगंज, बनौलिया में दो गुटों के बीच फायरिंग और पथराव की सूचना आई। जिसमें गोली लगने से एक युवक की मौत और तीन अन्य लोगों के जख्मी होने की सूचना है। जिनका इलाज स्थानीय सदर अस्पताल में चल रहा है। अचानक हुए इस घटनाक्रम से हालात बिल्कुल बिगड़ गए। ऐसे में प्रशासन ने बिहार शरीफ में कर्फ्यू लगा दिया है।

नालंदा के डीएम शशांक शुभंकर ने बताया कि रात में 2-3 जगहों पर घटनाएं हुई लेकिन फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण है। उपद्रवियों को चिह्नित कर 80 से ज्यादा लोगों की गिरफ्तारी की गई है। आज बाहर से 9 कंपनियां बुलाई गई हैं।

फायरिंग के बाद बिहार शरीफ में धारा-144, इंटरनेट बंद

बिहारशरीफ में शनिवार को गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत के बाद हालात बिगड़ने लगे। तुरंत ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति को संभालने की हरसंभव कवायद शुरू हुई। बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स प्रभावित इलाके में कैंप कर रही है। जिले के डीएम और एसपी लगातार कैंप कर रहे।

उन्होंने बयान जारी कर कहा कि उपद्रव करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। बिहार पुलिस के मुताबिक, इलाके में इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं। लोगों से घरों में रहने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है। अफवाह फैलाने वालों पर एक्शन की बात कही गई है।

सासाराम में स्कूल-कॉलेज 4 अप्रैल तक बंद

रोहतास के सासाराम में रामनवमी के बाद भड़की हिंसा के बाद पुलिस-प्रशासन अलर्ट है। इस बीच सासाराम में 4 अप्रैल तक शिक्षण संस्थान बंद रखने का फैसला लिया गया है। डीएम धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि सासाराम में 4 अप्रैल तक स्कूल-कॉलेज नहीं खुलेंगे। हिंसक झड़प के बाद नगर क्षेत्र में शिक्षण संस्थान बंद करने का निर्देश दिया गया है। 4 अप्रैल, 2023 तक सरकारी व निजी शिक्षण संस्थान बंद करने का निर्देश है।

सासाराम में बम ब्लास्ट से हड़कंप, 6 लोग गंभीर रूप से घायल

नालंदा में जहां शनिवार को फिर हिंसक झड़प हुई, वहीं सासाराम में बम ब्लास्ट से हड़कंप मच गया। बिहार पुलिस के मुताबिक, ये ब्लास्ट नगर थाना क्षेत्र के शेरगंज मोहल्ले में स्थित एक घर में हुआ। बम बनाने के दौरान ब्लास्ट में 6 लोग घायल हो गए। जिले के डीएम धर्मेंद्र कुमार ने शनिवार देर रात बताया कि सासाराम में ये बम ब्लास्ट हुआ। घायलों को BHU अस्पताल रेफर किया गया है। हम सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH