National

गुजरात में भाजपा के प्रदेश महामंत्री प्रदीप सिंह वाघेला ने पद से दिया इस्तीफा

अहमदाबाद। गुजरात में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) प्रदीप सिंह वाघेला ने पद से इस्तीफा दे दिया है। प्रदीप राज्य में प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल के बाद दूसरे ताकतवर नेता हैं। खास बात यह है कि वाघेला ने 7 दिन पहले ही इस्तीफा दे दिया था और इसको भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने स्वीकार भी कर लिया है। मीडिया से बातचीत में प्रदीप सिंह वाघेला ने कहा, ‘हां, मैंने इस्तीफा दे दिया है।’ वाघेला संगठन महामंत्री का पद संभाल रहे थे।

भाजपा महासचिव रजनी पटेल ने कहा प्रदीप सिंह वाघेला ने निजी कारणों से अपना स्वैच्छिक इस्तीफा दिया है और उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है। उनकी पार्टी से कोई नाराजगी नहीं थी और न ही उन्होंने पार्टी से कोई शिकायत की है। पटेल ने आगे कहा कि प्रदीप सिंह वाघेला पार्टी के कर्तव्यनिष्ठ कार्यकर्ता हैं और रहेंगे लेकिन अब वह निजी कारणों से पार्टी से दूर रहना चाहते हैं। प्रदीप सिंह वाघेला पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। भाजपा प्रवक्ता ऋत्विज पटेल ने कहा कि प्रदीपसिंह वाघेला ने बहुत अच्छा काम किया है। उन पर लगे भ्रष्टाचार के सभी आरोप बेबुनियाद हैं। उन्होंने निजी कारणों से स्वेच्छा से इस्तीफा दिया है। वह भाजपा के अनुशासित सिपाही हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी के लिए जो भी काम दिया जाएगा, प्रदीप करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि परिवर्तन संसार का नियम है। अलग-अलग जिला अध्यक्षों की जिम्मेदारी बदल गई है। कोई नाराजगी नहीं है। वे भविष्य में भी काम करने के लिए तैयार हैं।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH