Sports

IND vs SA: 83 रनों पर ढेर हुआ दक्षिण अफ्रीका, भारत ने 243 रनों से जीता मुकाबला

नई दिल्ली। भारत ने वर्ल्ड कप के अपने आठवें मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 243 रनों से हरा दिया है। रोहित शर्मा की कप्तानी में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए हर टीम को रौंद रही टीम इंडिया ने सेमीफाइनल से पहले अपनी आखिरी बड़ी चुनौती को भी बेहद आसानी से पार कर लिया। कोलकाता में हुए मुकाबले में विराट कोहली के ऐतिहासिक 49वें शतक के बाद रवींद्र जडेजा की घातक स्पिन के दम पर टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को 243 रनों से हरा दिया। इसके साथ ही टीम इंडिया ने पॉइंट्स टेबल में अपना पहला स्थान पक्का कर लिया। भारत के लिए रवींद्र जडेजा ने पांच विकेट लिए। वहीं कुलदीप यादव और मोहम्मद शमी को 2-2 सफलताएं मिलीं।

इससे पहले भारत ने दक्षिण अफ्रीका के सामने 327 रन का लक्ष्य रखा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 50 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 326 रन बनाए। विराट कोहली 121 गेंद में 101 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, रवींद्र जडेजा 15 गेंद में 29 रन बनाकर नाबाद रहे। टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी रही थी। रोहित शर्मा ने शुभमन गिल के साथ मिलकर 35 गेंद पर 62 रन की साझेदारी निभाई थी। रोहित 24 गेंद में ताबड़तोड़ 40 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और दो छक्के लगाए।

शुभमन गिल 24 गेंद 23 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने चार चौके और एक छक्का लगाया। 93 पर दो विकेट गिरने के बाद विराट कोहली और श्रेयस अय्यर ने 134 रन की साझेदारी निभाई। श्रेयस 87 गेंद में सात चौके और दो छक्के की मदद 77 रन बनाकर आउट हुए। केएल राहुल कुछ खास नहीं कर सके और आठ रन बना सके। सूर्यकुमार यादव ने 14 गेंद में पांच चौके की मदद से ताबड़तोड़ 22 रन बनाए।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH