कन्नौज। उप्र के कन्नौज में सोमवार को पुलिस और हिस्ट्रीशीटर व उसके बेटे के बीच फायरिंग हुई। जिसमें घायल सिपाही सचिन राठी की इलाज के दौरान मंगलवार को मौत हो गई। वहीं घटना के थोड़ी देर बाद ही पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर अशोक यादव उर्फ मुन्ना और उसके बेटे को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। एनकाउंटर के दौरान दोनों के पैर में गोली लगी। वे सिपाही को गोली मारने के बाद घटना स्थल से भागने की कोशिश कर रहे थे।
मिली जानकारी के मुताबिक़, विशुनगढ़ में हिस्ट्रीशीटर के घर पर कुर्की का नोटिस चस्पा करने सिपाही सचिन राठी गया था। 5 फरवरी को सिपाही की शादी होनी थी। जो कि मुजफ्फरनगर का रहने वाला था, जिसका चयन पुलिस में 2019 में हुआ था। जानकारी के मुताबिक कन्नौज पुलिस लाइन में सिपाही को सलामी दी जाएगी।
पुलिस और रीजेंसी के डॉक्टर के मुताबिक हिस्ट्रीशीटर की ओर से 12 बोर का बड़ा वाला कारतूस प्रयोग किया गया, जिसे आमतौर की भाषा में हाथी मार कहा जाता है। जांघ में गोली लगने के बाद बड़ा घाव हो गया, जिसकी वजह से शरीर को खून सप्लाई करने वाली मुख्य नस फट गई। इस नस के फटने से काफी खून बह गया।
डॉक्टर ने ऑपरेशन करके क्षतिग्रस्त नस को ठीक कर दिया था लेकिन रात करीब 1:00 बजे अत्यधिक खून बहने की वजह से सचिन राठी का ब्लड प्रेशर लो हो गया। इसके बाद उन्हें हार्ट अटैक पड़ा जिसमें उनकी मृत्यु हो गई।