NationalRegional

मिजोरम के लेंगपुई एयरपोर्ट पर म्यांमार सेना का विमान क्रैश, कई घायल

मिजोरम। मिजोरम के लेंगपुई एयरपोर्ट पर आज म्यांमार सेना का एक विमान क्रैश हो गया। इस दुर्घटना में छह लोग घायल हो गए। सूत्रों ने बताया है कि सैन्य विमान उन सैनिकों को एयरलिफ्ट करने के लिए म्यांमार से आया था, जो पिछले हफ्ते भारत-म्यांमार सीमा पार कर मिजोरम में दाखिल हुए थे। विमान में पायलट के साथ 14 लोग सवार थे। मिजोरम डीजीपी ने जानकारी दी कि घायलों को लेंगपुई अस्पताल में भर्ती कराया गया।

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, मिजोरम डीजीपी ने कहा, ‘म्यांमार सेना के विमान क्रैश होने की वजह से छह लोग घायल हुए हैं। विमान में पायलट समेत 14 लोग सवार थे। घायलों को लेंगपुई अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। शुरुआती रिपोर्ट्स में बताया गया है कि म्यांमार में सेना और विद्रोहियों के बीच लड़ाई चल रही है, जिसकी वजह से सैनिक भागकर मिजोरम के लांग्टलाई जिले में दाखिल हो गए। इन सैनिकों को लेने के लिए विमान भारत में आया था।

शुरुआती रिपोर्ट्स में बताया गया है कि सैन्य विमान सेना के जवानों को लेने आया था, जो भारत में मौजूद हैं। लेंगपुई एयरपोर्ट के रनवे पर उतरने के दौरान विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह दुर्घटना तब हुई है, जब भारत ने 184 म्यांमार सैनिकों को उनके देश वापस भेजा है। पिछले हफ्ते म्यांमार के 276 सैनिक मिजोरम में घुस आए थे, जिसमें से सोमवार को 184 सैनिकों को वापस भेज दिया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, म्यांमार एयरफोर्स के विमान लेंगपुई एयरपोर्ट पर आए और इसमें सवार होकर 184 सैनिक अपने देश के रखाइन प्रांत के सित्वे में चले गए। बचे हुए 92 सैनिकों को मंगलवार को म्यांमार भेजा जा रहा है। म्यांमार के सैनिक 17 जनवरी को हथियारों और गोला-बारूद के साथ दक्षिणी मिजोरम के लांग्टलाई जिले में भारत-म्यांमार-बांग्लादेश ट्राइजंक्शन पर स्थित बांडुकबंगा गांव में घुस गए और असम राइफल्स के पास पहुंचे।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH