NationalTop News

‘PM मोदी ने पूरे देश से झूठ बोला, वो OBC नहीं सामान्य वर्ग में पैदा हुए: राहुल गांधी

झारसुगुड़ा/भुवनेश्वर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ओडिशा के झारसुगुड़ा में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जातिको लेकर निशाना साधा। उनका कहना था कि पीएम मोदी अन्य पिछड़ा वर्ग यानी ओबीसी समुदाय से नहीं हैं। राहुल ने कहा कि पीएम का जन्म सामान्य वर्ग में हुआ है।
बता दें कि राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के तहत ओडिशा से गुजर रहे हैं। यहां से वह गुरुवार दोपहर तक छत्तीसगढ़ चले जाएंगे।

पीएम ने पूरे देश से झूठ बोला

वायनाड सांसद राहुल गांधी ने ओडिशा के झारसुगुड़ा में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जब भी कोई भाजपा कार्यकर्ता आपके पास आए, तो उसे एक बात बताएं कि हमारे प्रधानमंत्री ने पूरे देश से झूठ बोला है। झूठ बोला है कि पीएम पिछड़े वर्ग से हैं। राहुल ने कहा कि उनका (पीएम मोदी) जन्म पिछड़े वर्ग में नहीं हुआ, वह सामान्य जाति से हैं। यह बात आप हर भाजपा कार्यकर्ता को बताएं।

पीएम मोदी ने खुद को बताया था ‘सबसे बड़ा ओबीसी’

बता दें कि राहुल गांधी की यह प्रतिक्रिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसद में दिए गए बयान के बाद सामने आई है। दरअसल, पीएम मोदी ने संसद में खुद को ‘सबसे बड़ा ओबीसी’ कहा था। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस को पिछड़े समुदाय के नेताओं से पाखंडी जैसा व्यवहार करने और दोहरे मानदंड अपनाने का भी आरोप लगाया था। प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा था कि कांग्रेस पार्टी और यूपीए सरकार ने ओबीसी के साथ कभी न्याय नहीं किया है। उन्होंने कुछ दिन पहले कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने का भी जिक्र किया।

भाजपा और बीजद के बीच ये है अंतर

भाजपा और बीजद के बीच का अंतर बताते हुए राहुल गांधी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी और बीजेडी के बीच एकमात्र अंतर ‘पी’ और ‘डी’ का है, बाकी सब समान है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों के बीच पार्टनरशिप चल रही है। ये क्या कर रहे हैं, मैं आपको साफ बता देता हूं। ये यहां पर ओडिशा में इनकी साजिश है, ये आदिवासियों की जमीन चोरी करने में लगे हुए हैं।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH