लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज कृषि विभाग और मंडी परिषद में नवनियुक्त 3,572 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। मुख्यमंत्री ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की है। नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम लखनऊ में आयोजित किया जाएगा। सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार से जोड़कर उनके सपनों को नई उड़ान देना और उन्हें स्वावलंबन की राह पर आगे बढ़ाना डबल इंजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कृषि विभाग में 3,446 प्राविधिक सहायकों की नियुक्ति
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की निष्पक्ष और पारदर्शी चयन प्रक्रिया के जरिए कृषि विभाग के लिए 3,446 प्राविधिक सहायकों (ग्रुप-C) का चयन किया गया है। इसके अलावा मंडी परिषद में श्रेणी-3, वर्ग-2 के 126 मंडी सचिवों को भी नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की प्रतिभा को अवसर और उनके परिश्रम को सम्मान देकर सरकार ‘सक्षम युवा-समर्थ उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है।
मई में भी हुआ था नियुक्ति पत्र वितरण
इससे पहले मई 2026 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आयुष विभाग में चयनित प्रोफेसरों, रीडरों, चिकित्सा अधिकारियों और स्टाफ नर्सों को नियुक्ति पत्र वितरित किए थे। इसके साथ ही व्यावसायिक शिक्षा विभाग में नियुक्त इंस्ट्रक्टरों और दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग में नर्स, हॉस्टल वार्डन व कंपाउंडर के पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को भी नियुक्तियां दी गई थीं। इन भर्तियों की प्रक्रिया उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग और उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से पूरी की गई थी। उस दौरान सीएम योगी ने कहा था कि यह नया उत्तर प्रदेश है, जहां युवाओं के सपनों को नई उड़ान मिल रही है और विकास परियोजनाएं प्रदेश की प्रगति को गति दे रही हैं।
युवाओं के रोजगार पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार प्रदेश में निवेश बढ़ाने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने पर जोर दे रहे हैं। सोमवार को लखनऊ में जापानी कंपनियों के निवेश और पर्यटन को बढ़ावा देने को लेकर उन्होंने इन्वेस्ट यूपी और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश और जापान के बीच निरंतर संवाद के जरिए निवेश बढ़ाने और प्रदेश के युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने YEIDA के तहत प्रस्तावित जापानी सिटी के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रगति की समीक्षा करते हुए काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं, रायबरेली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा था।




