National

मप्र में बदली छाई

भोपाल, 22 सितम्बर (आईएएनएस)| मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई अन्य हिस्सों में शुक्रवार को बदली छाने और हवाएं चलने से मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में सामान्य और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है।

राज्य में शुक्रवार की सुबह गर्मी व उमस से राहत देने वाली रही, आसमान पर छाए बादलों के साथ चल रही हवाओं से मौसम सुहावना है। बीते 24 घंटों के दौरान राजधानी में 42.7 मिलीमीटर, इंदौर में 3.6 मिलीमीटर, ग्वालियर में 12.4 मिलीमीटर और जबलपुर में 47.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। राज्य के अधिकांश हिस्सों में भी बादल बरसे हैं।

मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में सामान्य बारिश का अनुमान जताया है, वहीं भोपाल, होशंगाबाद, इंदौर, ग्वालियर व चंबल संभागों में भारी बारिश संभव है।

राज्य में बारिश से तापमान में गिरावट आई है। शुक्रवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 22 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 23.5 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं गुरुवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 23़.8 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 25.2 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 29.2 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

=>
=>
loading...