International

भारत, पाकिस्तान मिलकर कश्मीर समस्या सुलझाएं : चीन

बीजिंग, 22 सितम्बर (आईएएनएस)| चीन ने शुक्रवार को कश्मीर समस्या पर निष्पक्ष रुख अपनाते हुए कहा कि भारत और पाकिस्तान को इस समस्या को बातचीत के माध्यम से सुलझाना चाहिए।

इस्लामाबाद ने संयुक्त राष्ट्र में कश्मीर मुद्दे को उठाते हुए भारत पर कई आधारहीन आरोप लगाए थे।

बीजिंग ने कश्मीर पर संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव के क्रियान्वयन के इस्लामिक सहयोग संगठन के आग्रह पर भी अपने रुख स्पष्ट किए।

कश्मीर मुद्दे में संयुक्त राष्ट्र को शामिल करने के ओआईसी के बयान पर चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लू कांग ने कहा, चीन ने प्रासंगिक रपट पर गौर किया है। कश्मीर मुद्दे पर चीन का पक्ष बिल्कुल साफ है।

उन्होंने कहा, कश्मीर मुद्दा इतिहास की देन है। चीन उम्मीद करता है कि भारत और पाकिस्तान आपस में वार्ता व संपर्क बढ़ाए और इस मुद्दे को सही तरीके से सुलझाएं, ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता स्थापित हो सके।

कश्मीर मुद्दे पर चीन आधिकारिक रूप से एक तटस्थ रुख रखता है।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहिद खकान अब्बासी ने गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने संबोधन के दौरान कश्मीर में संयुक्त राष्ट्र के विशेष प्रतिनिधि को नियुक्त करने की मांग की थी।

भारत ने पिछले सप्ताह ओआईसी द्वारा कश्मीर मुद्दे पर की गई टिपण्णी की आलोचना की थी।

भारत ने ओआईसी के बयान को ‘तथ्यात्मक रूप से गलत और भ्रामक’ बताते हुए कहा था कि ओआईसी को भारत के निजी मामलों में हस्तक्षेप करने का कोई अधिकार नहीं है।

ओआईसी के हवाले से पाकिस्तान के बयान की प्रतिक्रिया में भारत ने जम्मू एवं कश्मीर को भारत का अभिन्न और अविभाज्य अंग बताया था।

=>
=>
loading...