National

तमिलनाडु, 4 अन्य राज्यों के लिए राज्यपाल नियुक्त

नई दिल्ली, 30 सितम्बर (आईएएनएस)| राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शनिवार को तमिलनाडु सहित पांच राज्यों के लिए नए राज्यपाल नियुक्त किए, जिसे (तमिलनाडु) मौजूदा राजनीतिक संकट के बीच एक साल में अपना पहला पूर्णकालिक राज्यपाल मिला है। कांग्रेस से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए बनवारीलाल पुरोहित इस दक्षिण भारतीय राज्य के राजभवन का कामकाज संभालेंगे।

राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, भाजपा नेता सत्यपाल मलिक बिहार की कमान संभालेंगे। कोविंद राष्ट्रपति बनने से पहले वहां (बिहार) के राज्यपाल हुआ करते थे। दिल्ली के पूर्व भाजपा विधायक जगदीश मुखी को असम, बिहार के भाजपा नेता गंगा प्रसाद को मेघालय और ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) बी.डी. मिश्रा को अरुणाचल प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया है। पूर्व नौसेना प्रमुख एडमिरल (सेवानिवृत्त) देवेंद्र कुमार जोशी को अंडमान एवं निरोबार द्वीप समूह का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है।

भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष पुरोहित ऐसे समय में तमिलनाडु के राज्यपाल बनाए गए हैं, जब सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक के शासन में राज्य राजनीतिक संकट से जूझ रहा है।

इस राज्य में एक पूर्णकालिक राज्यपाल की मांग की जा रही थी, जहां का अतिरिक्त प्रभार महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. विद्यासागर राव पिछले साल अगस्त में के. रोसैया के सेवानिवृत्त होने के बाद से संभाल रहे थे।

महाराष्ट्र के विदर्भ में सक्रिय सामाजिक व राजनीतिक कार्यकर्ता रहे पुरोहित नागपुर से तीन बार (1984, 1989, 1996 में) लोकसभा सांसद निर्वाचित हो चुके हैं।

पिछले साल पुरोहित को असम का राज्यपाल बनाया गया था, जहां उनकी जगह दिग्गज भाजपा नेता जगदीश मुखी ले रहे हैं। मुखी इससे पहले अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल रह चुके हैं।

केंद्र शासित प्रदेश अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल नियुक्त किए गए एडमिरल जोशी ने बतौर नौसेना प्रमुख पनडुब्बी आईएनएस सिंधुरत्न में आग लगने के बाद 26 फरवरी, 2014 को इस्तीफा दे दिया था।

अलीगढ़ से जनता दल के सांसद रह चुके और भाजपा उपाध्यक्ष सत्यपाल मलिक के रूप में बिहार को भी पूर्णकालिक राज्यपाल मिल गया है।

बिहार के राजनेता और पिछले 18 सालों से बिहार विधान परिषद का सदस्य रहे गंगा प्रसाद मेघालय के राज्यपाल बनाए गए हैं। अमित शाह के भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद वह भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी का हिस्सा भी रह चुके हैं।

साल 1962, 1965 और 1971 तीन प्रमुख युद्धों में हिस्सा ले चुके ब्रिगेडियर मिश्रा बतौर राज्यपाल अरुणाचल प्रदेश की कमान संभालेंगे।

=>
=>
loading...