International

भारत प्रवासियों के साथ संबंध मजबूत करने का इच्छुक : कोविंद

अदिस अबाबा, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)| राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने प्रवासी भारतीयों से ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (ओसीआई) जैसे योजनाओं का प्रयोग करने व इनसे लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि भारत प्रवासी भारतीयों के साथ संबंध मजबूत करने का इच्छुक है। कोविंद ने इथोपिया में बुधवार को प्रवासी भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा, हमारी सरकार विदेशों में रह रहे हमारे लोगों के साथ संबंध मजबूत करने की इच्छुक है।

उन्होंने कहा, नई योजनाएं शुरू की गई हैं और पुरानी को सरल बनाया गया है। आपको (प्रवासी) ओसीआई कार्यक्रम से निश्चित ही फायदा उठाना चाहिए। यह आपको आपके पूर्वजों के धरती से हमेशा के लिए जोड़ देगा।

कोविंद अपनी अफ्रीका यात्रा के अंतिम चरण में बुधवार को जिबूती से यहां पहुंचे। राष्ट्रपति बनने के बाद यह उनका पहला विदेश दौरा है।

विदेश मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, इथोपिया में भारतीय समुदाय की संख्या लगभग 5,000-6,000 के बीच है। इथोपिया के 30 विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में लगभग 25,00 भारतीय अकादमिक शैक्षणिक कार्य में संलिप्त हैं।

कोविंद ने कहा कि हमारी सरकार हमारे विदेश में बसे समुदाय के साथ निरंतर और सक्रिय सहभागिता चाहती है।

उन्होंने कहा, इस सहभागिता का उद्देश्य भारत में हो रहे परिवर्तनकारी बदलाव के साथ सहज होने के लिए अवसर प्रदान करना है। प्रवासियों के साथ बातचीत का उद्देश्य भी आपको प्लेटफार्म उपलब्ध कराना है जिससे आप भारत के वृद्धि एवं विकास में सहभागी बन सकें और अपनी मातृभूमि को सहयोग पहुंचा सकें। मैं आपसे इसमें शामिल होने और भागीदार बनने का अनुरोध करता हूं।

राष्ट्रपति ने कहा कि इथोपिया,भारत के जैसा ही विविधिता पूर्ण देश है, जहां कई भाषा, विविध व्यंजन, नृत्य, संगीत हैं।

उन्होंने कहा कि भारत और इथोपिया दोनों के पास नौजवान जनसंख्या है। उन्होंने सलाह दी कि भारतीय समुदाय को इथोपिया के नौजवानों से संपर्क स्थापित करने के लिए विशेष प्रयास करना चाहिए।

कोविंद ने कहा कि इससे उन्हें विचार उत्पन्न करने में सहयोग मिलेगा जो अच्छी दुनिया के लिए उपाय उपलब्ध कराएगा। इससे पर्यावरण बदलाव से निपटने या लोगों को कुशल बनाने में सहायता मिलेगी।

=>
=>
loading...