SportsTop News

टीम इंडिया के क्रिकेटर के घर पर हमला, दहशत में पूरा परिवार

नई दिल्ली। टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी करण शर्मा के घर पर देर रात कुछ लोगों ने हमला आकर दिया। बताया जा रहा है कि करण के पड़ोस में रहने वाले ठेकेदार ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनके घर पर फायरिंग की। इतना ही नहीं ठेकेदार के साथियों ने करण शर्मा के घर पर पत्थर भी फेंके जिससे उनके घर को काफी नुक्सान हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है।

जिस वक्त करण के घर पर हमला हुआ वह घर पर मौजूद नहीं थे, इस हमले में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। करण शर्मा मेरठ के कंकरखेड़ा थाना इलाके में यूरोपियन स्टेट कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनके बगल में राहुल गुप्ता नाम का व्यक्ति रहता है। दोनों के घर की दीवार एक ही है, इसी को लेकर उनके बीच विवाद हुआ।

करण के पिता विनोद शर्मा के मुताबिक, देर रात राहुल गुप्ता अपने पांच-छह साथियों के साथ गेट फांदकर घर में घुस आए। उन्होंने दीवार पर रखे सारे गमले फेंक दिए। विनोद शर्मा ने पुलिस को बताया कि राहुल गुप्ता ने हथियारों से फायरिंग की और अंजाम भुगत लेने की धमकी देते हुए परिवार को बाहर निकलने के लिए कहा। कर्ण के पिता ने बताया कि दहशत के चलते पूरा परिवार घर में बंद रहा और गेट खोलने की हिम्मत नहीं जुटा सका।

बाद में विनोद शर्मा ने राहुल और उसके साथियों के खिलाफ जानलेवा हमला, तोड़फोड़ और फायरिंग का मामला कंकरखेड़ा थाने में दर्ज कराया। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी ठेकेदार राहुल गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है।

 

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH