National

केरल सौर घोटाले की जांच निष्पक्ष, समयबद्ध हो : भाजपा

नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)| भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने शुक्रवार को कांग्रेस पर देश में भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए केरल सौर घोटाले की जांच समुचित, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से कराने की मांग की, ताकि पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी व अन्य की भूमिका का पता चल सके। केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने पत्रकारों से यहां कहा, केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी व उस समय केंद्र के कई मंत्री इस सौर घोटाले में संलिप्त हैं। कांग्रेस का आधार भ्रष्टाचार है। हम इस मामले में समुचित, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग करते हैं।

उन्होंने कहा कि यह बहुत जरूरी है कि इस घोटाले में चांडी व अन्य की भूमिका का पता लगाया जाए। यह चांडी सरकार ही थी, जिसने इस मामले का पता लगाने के लिए शिवराजन आयोग का गठन किया था और आयोग ने उन्हें दोषी पाया है।

उन्होंने कहा कि जितनी बार कांग्रेस सत्ता में आती है, वे लोग कई प्रकार से भ्रष्टाचार को बढ़ावा देते हैं।

प्रसाद ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी(माकपा) की राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ(आरएसएस) और भाजपा के कार्यकर्ताओं पर हमला करने की घटनाओं की आलोचना करते हुए कहा कि वामपंथी उस विचारधारा में विश्वास करते हैं, जिसमें उनकी विचारधारा को नहीं मानने वाले के खिलाफ आक्रमक रवैया अपनाया जाता है।

उन्होंने कहा, वामपंथी केवल एक चीज में विश्वास करते हैं। जो भी उनके विचारधारा का विरोध करेगा, उसपर हिंसा और हमले किए जाएंगे।

केरल में माकपा के सत्ता संभालने के बाद भाजपा और आरएसएस के 14 लोगों की हत्या की गई है।

=>
=>
loading...