National

मप्र : चित्रकूट उपचुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार घोषित

भोपाल, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)| मध्यप्रदेश के सतना जिले के चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र में 9 नवंबर को होने वाले उपचुनाव के लिए सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को अपने उम्मीदवार का नाम घोषित किया।

भाजपा ने यहां से शंकर दयाल त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने रविवार को संवाददाताओं को बताया कि पार्टी ने त्रिपाठी को चित्रकूट उपचुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। इस क्षेत्र पर कांग्रेस का कब्जा रहा है और भाजपा यहां से जीत के लिए पूरी कोशिश करेगी।

चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र के विधायक कांग्रेस नेता प्रेम सिंह थे। उनके निधन से यह सीट रिक्त हुई है। सोमवार को नामांकन भरने का अंतिम दिन है।

भाजपा ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से नाता रखने वाले शंकर दयाल त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाया है। उत्तर प्रदेश की सीमा को स्पर्श करने वाले इस विधानसभा क्षेत्र में भाजपा हर हाल में जीत हासिल करना चाहती है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उपचुनाव के मद्देनजर इस इलाके का कई बार दौरा कर चुके हैं और कई बड़ी घोषणाएं भी कर चुके हैं।

=>
=>
loading...