National

मप्र के चित्रकूट में भाजपा-कांग्रेस ने ‘ब्राह्मण’ पर दाव लगाया

भोपाल, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)| मध्य प्रदेश के सतना जिले के चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र में 9 नवंबर को होने वाले उपचुनाव के लिए सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस ने रविवार को अपने-अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया।

दोनों दलों ने ब्राह्मण जाति के व्यक्ति पर दांव लगाया है। भाजपा ने चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र के लिए शंकर दयाल त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाया है, वहीं कांग्रेस ने नीलांशु चतुर्वेदी को मैदान में उतारने का फैसला लिया है। सोमवार को नामांकन पत्र भरने का अंतिम दिन है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने रविवार को संवाददाताओं को बताया कि पार्टी ने त्रिपाठी को चित्रकूट उपचुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है।

ज्ञात हो कि यह वह क्षेत्र है, जहां कांग्रेस का अरसे से कब्जा रहा है और भाजपा यहां से जीत के लिए पूरी कोशिश करेगी। यहां से विधायक कांग्रेस नेता प्रेम सिंह थे। उनके निधन से यह सीट रिक्त हुई है।

भाजपा ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से नाता रखने वाले शंकर दयाल त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाया है। उत्तर प्रदेश की सीमा को स्पर्श करने वाले इस विधानसभा क्षेत्र में भाजपा हर हाल में जीत हासिल करना चाहती है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उपचुनाव के मद्देनजर इस इलाके का कई बार दौरा कर चुके हैं और कई बड़ी घोषणाएं भी कर चुके हैं।

कांग्रेस की ओर से आधिकारिक तौर पर बताया गया कि पार्टी ने चित्रकूट से नीलांशु को उम्मीदवार बनाया है। चतुर्वेदी नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष रह चुके हैं।

उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद चतुर्वेदी ने कहा, यह चुनाव मैं या कांग्रेस नहीं, बल्कि स्थानीय जनता लड़ेगी।

=>
=>
loading...