National

टोक्यो विवि के योशिनो सुपर 30 के छात्रों से मिले

पटना, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)| जापान के टोक्यो विश्वविद्यालय के भारत ऑपरेशन प्रमुख हिरोशी योशिनो सोमवार को यहां भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) की प्रवेश परीक्षा की तैयारी कराने के लिए चर्चित संस्थान सुपर 30 का दौरा किया और यहां के छात्रों व संस्था के संस्थापक आनंद कुमार से मुलाकात की।

योशिनो ने छात्रों को अनुसंधान और इनोवेशन (नवाचार) के लिए प्रेरित किया तथा आगे की पढ़ाई के लिए जापान के टोक्यो विश्वविद्यालय आने का निमंत्रण दिया।

योशिनो ने कहा, आज शोध और नवाचार ही दुनिया के मार्गदर्शक हैं। यही चीजें दुनिया को आसान बनाती हैं। जब तक शोध और अनुसंधान नहीं होगा, तब तक दुनिया प्रगति के पथ पर आगे नहीं बढ़ सकता।

उन्होंने सुपर 30 के अभिषेक गुप्ता और कुणाल कुमार की तरह इस साल भी यहां से कम से कम एक छात्र को टोक्यो विश्वविद्यालय में अध्ययन के लिए आने का न्योता देते हुए कहा कि सुपर 30 के छात्रों के पास जो जुनून देखने को मिलता है, वह शायद किसी शिक्षण संस्थान के छात्रों के बच्चों में नहीं दिखता।

योशिनो ने सुपर 30 की तारीफ करते हुए कहा कि इस लोकप्रिय संस्थान की सबसे बड़ी विशेषता है कि यह संस्थान निर्धन परिवार के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है और उसके लिए प्रयासरत है।

उल्लेखनीय है कि सुपर 30 के अभिषेक और कुणाल टोक्यो विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि पिछले वर्ष यहां के पांच बच्चे टोक्यो विश्वविद्यालय की 15 दिनों की शैक्षणिक यात्रा पर गए थे। इस क्रम में छात्रों ने कई तकनीकी संस्थानों, प्रयोगशालाओं का दौरा कर नई जानकारी हासिल की थी।

=>
=>
loading...