लखनऊ: लखनऊ के इकाना स्टेडियम में योगी आदित्यनाथ आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। बताया जा रहा है कि योगी आदित्यनाथ समेत 51 लोग शपथ लेंगे। योगी आदित्यनाथ सीएम पद की, इसके अलावा 2 डिप्टी सीएम और 48 मंत्री पद की शपथ लेंगे। योगी आदित्यनाथ के लिए तैयार मंच पर 70 कुर्सियां लगाई गई हैं। इन 70 में से 48 कुर्सियां अलग लगी हैं, बाकी कुर्सियां विशिष्ट मेहमानों के लिए आगे हैं। 22 कुर्सियां स्टेज की प्रथम पंक्ति में लगी हैं। माना जा रहा है कि 48 कुर्सियां मंत्रियों के लिए लगाई गई हैं। जबकि मुख्यमंत्री, दो डिप्टी सीएम समेत 51 का मंत्रिपरिषद होगा।
ये हैं संभावित मंत्रियों के नाम
संभावित मंत्रियों के नामों की बात करें तो ब्रजेश पाठक, जेपीएस अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, असीम अरुण, कपिल देव अग्रवाल, रविंद्र जायसवाल, नरेंद्र कश्यप, नंद कुमार नंदी, धर्मपाल सिंह, भूपेन्द्र सिंह और धर्मवीर प्रजापति को मंत्री बनाए जाने की संभावना है। वहीं बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी मंत्री बनाए जा सकते हैं. सूत्रों ने बताया है कि योगी के मंत्रिमंडल में 5 महिला मंत्रियों के रहने की उम्मीद है, जिनमें बेबी रानी मोर्य, सरिता भदौरिया, अंजला माहौर, का नाम शामिल किया जा सकता है. इसके साथ ही अपना दल के आशीष पटेल और निषाद पार्टी के संजय निषाद को भी मंत्री बनाया जा सकता है.
जानकारी के मुताबिक लखनऊ बीजेपी ऑफिस में सुबह से संगठन मंत्री सुनील बंसल से ये लोग मिले हैं. संभावना जताई जा रही है कि इन नए चेहरे को मंत्री बनाया जा सकता है. इसके अलावा कई विधायक और MLC भी मिलने पहुंच रहे हैं.




