National

करात की राजनाथ के बयान पर प्रतिक्रिया

images (6)नई दिल्ली | मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता प्रकाश करात ने सोमवार संवाददाताओं से कहा, “गृहमंत्री सूचनाओं के लिए फर्जी ट्विटर हैंडल पर भरोसा करते हैं।” उन्होंने कहा, “हम उनकी (केंद्र सरकार-भाजपा) राष्ट्रवाद की परिभाषा को नहीं मानते हैं। अगर वे हमें राष्ट्रविरोधी कहते हैं तो हम इसे सम्मान के बिल्ले की तरह पहनेंगे।” करात ने यह प्रतिक्रिया केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के यह कहने पर दी कि जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में अफजल गुरु पर हुए कार्यक्रम को पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के मुखिया हाफिज सईद का समर्थन हासिल था।

करात ने कहा कि छात्र नेताओं के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज कर सरकार उनके खिलाफ युद्ध का ऐलान कर रही है। जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार की गिरफ्तारी के बाद से जेएनयू में तनाव बना हुआ है। नौ फरवरी की रात संसद हमले के दोषी अफजल गुरु और जम्मू एवं कश्मीर लिबरेशन फ्रंट के सह संस्थापक मकबूल बट को दी गई फांसी की बरसी पर जेएनयू में एक कार्यक्रम आयोजित हुआ था। कहा जा रहा है कि कार्यक्रम में देश विरोधी नारे लगाए गए थे। दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को देशद्रोह का मामला दर्ज कर कन्हैया कुमार को गिरफ्तार कर लिया। कुमार ने देश विरोधी नारे लगाने से इनकार किया है। उन्हें शुक्रवार को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया था।

=>
=>
loading...