National

बीजद कार्यकर्ता सादगीपूर्ण जीवन अपनाएं : नवीन

भुवनेश्वर, 26 दिसम्बर (आईएएनएस)| ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मंगलवार को बीजू जनता दल (बीजद) के कार्यकर्ताओं को उच्च विचार के साथ सरल जीवन जीने का अभ्यास करने को कहा। उन्होंने कहा कि एक लोकतंत्र में जनता ‘असली मास्टर’ है। पुरी में बीजद के 20वें स्थापना दिवस के मौके पर एक विशाल सभा को संबोधित करते हुए पटनायक ने कहा, सरलता में अपनी एक ताकत होती है, जो लोगों को जोड़ती है। डॉ. (ए.पी.जे.) कलाम के शब्दों में कहूं तो, सचाई और सादगी हर कीमत पर खुद को बनाए रखती है। सार्वजनकि जीवन में सादगी महत्वपूर्ण है। यह हमारे जीवन का उद्देश्य होना चाहिए।

उन्होंने कहा, लोगों की समस्याओं को हमदर्दी के साथ हल करना चाहिए। जनता एक असली मास्टर है। इसलिए उनकी सेवा विनम्रता से करनी चाहिए और जो वादे उनसे किए थे, उन्हें पूरा किया जाना चाहिए।

पटनायक ने कहा, लोगों के प्यार से बढ़कर सत्ता, संपत्ति और प्रतिष्ठा का कोई मूल्य नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 20 सालों में उनकी पार्टी ने एक सामाजिक क्रांति को जन्म दिया है। साथ ही उन्होंने कहा कि ओडिशा के लोगों को उनकी सेवा का अवसर प्रदान करने, अपना प्रेम और अपनापन दिखाने के लिए मैं उनका तह-ए-दिल से आभारी हूं।

1997 में पहली बार अस्का से सांसद बनने की अपनी चुनावी राजनीति की यादों को ताजा करते हुए पटनायक ने कहा, मेरे राजनीतिक करियर की शुरुआत से मेरा जीवन ओडिशा और यहां के लोगों की सेवा के लिए समर्पित है।

वहीं दूसरी तरफ विपक्षी भारतीय जनता पार्टी ने बीजद पर निशाना साधा और कहा कि पार्टी पिछले 17 सालों से लूट में मगन है।

केन्द्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री जुआल ओरम ने कहा, मुख्यमंत्री ने परोक्ष रूप से यह स्वीकार कर लिया है कि बीजद नेता लूट में मगन रहे हैं। 20 सालों की विफलता के बाद, राज्य सरकार अब लोगों से एक और मौका देने के लिए कह रही है, लेकिन उन्हें यह नहीं मिलेगा।

=>
=>
loading...