National

उप्र में आंशिक बदली, बारिश से तापमान में गिरावट

लखनऊ, 13 फरवरी (आईएएनएस)| उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ व आसपास के जिलों में मंगलवार सुबह से ही आंशिक तौर पर बदली छाई हुई है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार शाम को उप्र के कई जिलों में बारिश और ओले पड़ने से किसानों की फसलों को नुकसान होने की आशंका है।

उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे पी गुप्ता के अनुसार तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है और दिन में आंशिक बदली छाई रहेगी। बाराबंकी और फतेहपुर में कई जगहों पर सोमवार को ओले पड़ने से किसानों को नुकसान हुआ है।

उन्होंने बताया कि बारिश होने से किसानों को हालांकि राहत मिली है लेकिन ओले की वजह से फसलों को नुकसान होने की आशंका बनी हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किये जाने का अनुमान है।

लखनऊ के अतिरिक्त मंगलवार को गोरखपुर का न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री, कानपुर का 11.2 डिग्री, बनारस का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री और झांसी का 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

=>
=>
loading...