National

मप्र उपचुनाव : मुंगावली में कांग्रेस जीती, कोलारस में आगे

भोपाल, 28 फरवरी (आईएएनएस)| मध्य प्रदेश के दो विधानसभा क्षेत्रों में हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने मुंगावली सीट पर जीत दर्ज की है। यहां कांग्रेस प्रत्याशी बृजेंद्र सिंह यादव ने भाजपा उम्मीदवार बाई साहब को 2124 वोटों के अंतर से हराया। वहीं कोलारस में 15वें दौर की मतगणना पूरी होने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र सिंह यादव 3143 मतों की बढ़त बनाए हुए हैं।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, अशोकनगर के मुंगावली विधानसभा क्षेत्र की मतगणना पूरी हो गई है। 19 दौर की मतगणना के बाद कांग्रेस उम्मीदवार बृजेंद्र यादव ने बाई साहब पर 2124 की अंतिम बढ़त बना ली है। निर्वाचन अधिकारी ने कांग्रेस उम्मीदवार की जीत की घोषणा कर दी है।

मुंगावली में कांग्रेस के उम्मीदवार बृजेंद्र सिंह यादव को 70808 वोट हासिल हुए, वहीं भाजपा प्रत्याशी को 68684 वोट मिले।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, शिवपुरी जिले के कोलारस विधानसभा क्षेत्र में 15वें दौर की मतगणना पूरी हो चुकी है। कांग्रेस ने यहां 3143 मतों की बढ़त बनाई हुई है।

मतगणना पर गौर करें तो 10वें चक्र तक कांग्रेस दोनों स्थानों पर आगे चल रही थी। 10वें दौर तक कोलारस में कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र सिंह यादव को जहां 37370 वोट मिले थे, वहीं भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र जैन को 33945 वोट मिले थे। इसी तरह मुंगावली में कांग्रेस उम्मीदवार बृजेंद्र सिंह यादव को 37708 वोट मिले थे तो भाजपा की बाई साहब को 34106 वोट मिले थे।

मतगणना के दौरान लगातार उतार-चढ़ाव का दौर देखने को मिला। कई बार कांग्रेस और भाजपा के बीच दोनों सीटों पर कांटे की टक्कर देखने को मिली।

शिवपुरी जिले के कोलारस और अशोक नगर जिले के मुंगावली विधानसभा उपचुनाव की मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई थी। कोलारस सीट पर मतों की गणना के लिए 23 दौर होंगे। कोलारस उपचुनाव में 22 उम्मीदवार एक-दूसरे के आमने सामने थे जबकि मुंगावली में 13 उम्मीदवारों ने अपना भाग्य आजमाया।

=>
=>
loading...