Top NewsUttar Pradeshलखनऊ

उपचुनाव में हार से बौखलाए सीएम योगी, गठबंधन को लेकर पूछा ये सवाल

लखनऊ। सूबे के सीएम योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश उपचुनाव में हुई हार पर कहा कि हार अप्रत्याशित थी। हालांकि सपा-बसपा के गठबंधन से उन्हें कुछ अप्रत्याशित होने का अंदेशा हो गया था। सीएम योगी ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में जीत हार व्यक्ति के लिए न उत्साह के क्षण होते हैं, न अवसाद के। हम दो के बदले 80 सीट जीतेंगे।

उन्होंने दावे के साथ कहा कि हम कर्नाटक में जीतकर आएंगे और 2019 में मोदी जी के नेतृत्व में फिर से केंद्र में सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि 2019 में पीएम मोदी फिर से प्रधानमंत्री बनेंगे। मोदी जी अजेय हैं, अजेय रहेंगे। उत्तर प्रदेश 2019 में फिर से भारतीय जनता पार्टी ‘बीजेपी’ की सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी। उन्होंने कहा कि हमारा वोटर किसी वर्ग में बंटा नहीं है। हमारा वोटर हमारा है। वह वर्गों में नहीं बंटा है।

सपा और बसपा गठबंधन पर सीएम योगी ने कहा कि मायावती व अखिलेश यादव पहले ये बताएं कि गठबंधन का नेता कौन है। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा का यह गठबंधन एक सौदेबाजी है। उन्होंने कहा कि राजनीति सिर्फ सत्ता पाने, अपना व अपने लोगों का स्वार्थ साधने का जरिया नहीं होती। इसके कुछ मूल्य, आदर्श और सिद्धांत होते हैं।

उन्होंने कहा सौदेबाजी की राजनीति में यह चीजें नहीं होतीं। सपा-बसपा की तो पूरी राजनीति ही इसी पर आधारित रही है। इसके लिए इन्होंने जाति, क्षेत्र और मजहब का जहर बोकर वोट की फसल काटी है। इनकी इस राजनीति से डेढ़ दशकों में युवाओं की एक पूरी पीढ़ी बर्बाद हो गई। अब दौर विकास और सुशासन का है। प्रदेश की अधिकांश आबादी युवाओं की है। उनको सुशासन और विकास चाहिए। केंद्र की मदद से प्रदेश सरकार इसके लिए प्रतिबद्ध भी है।

वहीं नोएडा जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मेरे लिए कोई भी जगह अशुभ नहीं है, अशुभ को शुभ बनाने के लिए मैं उत्तर प्रदेश की सत्ता में आया हूं। जिन लोगों ने राज्य में अराजकता फैलाई थी, उससे राज्य को मुक्त करना ही शुभ है। उत्तर प्रदेश के विकास गति को आगे बढ़ाना शुभ है।

इसके​ लिए हम निरंतर प्रयास करते रहेंगे, हमारे लिए कुछ भी अशुभ नहीं है। मुख्यमंत्री योगी ने राहुल गांधी क जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी हमारे लिए शुभ हैं। वह जहां जाते हैं, भारतीय जनता पार्टी ‘बीजेपी’ को फायदा होता है। उन्होंने कहा कि एक साल में हमने डर का नामो निशान मिटा दिया, हमने भय खत्म किया।

 

=>
=>
loading...
Dileep Kumar
the authorDileep Kumar