National

महिलाएं कई भूमिकाओं में देश के लिए अनगिनत योगदान देती रही हैं: मोदी

pm

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को महिला सशक्तीकरण को देश के लिए समृद्धि का कारक करार देते हुए उनके योगदानों को सलाम किया और कहा कि वे पहले से ही सशक्त हैं, उन्हें पुरुष भला क्या सशक्त करेंगे? मोदी ने यहां महिला जनप्रतिनिधियों के राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए इस बारे में मनोवैज्ञानिक धारणा को बदलने पर बल दिया कि महिलाओं को सशक्त बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि महिलाएं पहले से ही सशक्त हैं और कई भूमिकाओं में समाज व देश के लिए अनगिनत योगदान देती रही हैं। आवश्यकता है तो बस उन शक्तियों को पहचानने की।

उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं का सशक्त होना देश को भी सशक्त बनाता है। महिला सांसदों तथा विधायकों के दो दिवसीय सम्मेलन के अंतिम दिन प्रधानमंत्री ने कहा, देश हमेशा महिलाओं से सशक्त बनता है। महिला ही मां, बहन के रूप में और बाद में पत्नी के रूप में एक नागरिक को तैयार करती है और ये सशक्त नागरिक अंतत: देश को सशक्त बनाते हैं। महिला सांसदों तथा विधायकों का यह दो दिवसीय सम्मेलन शनिवार को शुरू हुआ था।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, प्रबंधन के क्षेत्र में मल्टीटास्किंग होना एक विशेषता है। लेकिन एक वक्त में कई काम संभालने वाली महिलाएं वास्तव में धरती पर सर्वश्रेष्ठ हैं। हमारी माताएं-बहनें सदियों से मल्टीटास्कर रही हैं और उनकी कोशिशों ने हमारे देश को इस मुकाम पर लाने में बहुत बड़ा योगदान दिया है।

मोदी ने युद्धग्रस्त देश रवांडा की महिलाओं का उदाहरण देते हुए कहा, महिलाओं में पुरुषों की तुलना में कम अवसर मिलने के बावजूद उनकी सफलता का अनुपात ज्यादा है। महिलाओं को स्वयं को व अपनी ताकत को पहचाने तथा उसे लेकर आश्वस्त महसूस करने की जरूरत है। महिलाओं को अपनी ताकत पहचानने के लिए प्रोत्साहित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, आप अपनी ताकत को तब पहचानेंगी, जब आप चुनौतियों का सामना करेंगी।

इसलिए महिलाओं को अपने सशक्तीकरण में जो भी चुनौतियां सामने आती हैं, उनका मुकाबला करना चाहिए। मोदी ने कहा, प्रौद्योगिकी अपनाने के मामले में भी महिलाएं पुरुषों के मुकाबले बेहतर हैं। वास्तव में इस क्षेत्र में उन्हें ईश्वर का वरदान हासिल है। प्रधानमंत्री ने महिला विधायकों को अन्य राज्यों के विधायकों से संवाद बढ़ाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इससे उनका ज्ञान और जानकारी बढ़ेगी, जिससे उन्हें काफी चीजें सीखने में मदद मिलेगी।

=>
=>
loading...