जापान की राजधानी टोक्यो के युमेनोशिमा पार्क तीरंदाज़ी फ़ील्ड पर कोई दर्शक नहीं था। ज़ाहिर है कोरोना की पाबंदियों के कारण इस बार टोक्यो ओलंपिक दर्शकों से महरूम है। लेकिन भारत के तीरंदाज़ अतनु दास को बिना दर्शकों के स्टेडियम के बीच एक आवाज़ का भरपूर समर्थन मिल रहा था। और वो आवाज़ किसी और की नहीं बल्कि उनकी पत्नी और भारत की चर्चित तीरंदाज़ दीपिका कुमारी की थी।
दीपिका अपने पति अतनु दास की नंबर वन फ़ैन हैं और जब उस नंबर वन फ़ैन की अकेली आवाज़ चीख-चीख कर आपका उत्साह बढ़ा रही हो, तो क्या ही कहना। दीपिका की ये आवाज़ अतनु के लिए इतनी उत्साह बढ़ाने वाली थी कि अतनु ने एक बड़ा अपसेट करते हुए लंदन ओलंपिक के चैम्पियन दक्षिण कोरिया के ओह जिन हायक को हरा दिया। और जब अतनु ने ये अपसेट किया तो दीपिका ने चिल्ला कर कहा- गुड जॉब। हालाँकि अतनु के पदक जीतने का रास्ता अभी लंबा है। लेकिन इस रास्ते के एक बड़े अवरोध को तो उन्होंने पार कर ही लिया है।
उनकी पत्नी दीपिका कुमारी इस समय वर्ल्ड नंबर वन हैं और भारत के लिए पदक जीतने की उनकी दावेदारी भी प्रबल है। बुधवार को ही दीपिका ने भी महिलाओं की व्यक्तिगत तीरंदाज़ी प्रतियोगिता में क्वार्टर फ़ाइनल में जगह बनाई। मैच जीतने के बाद भारतीय तीरंदाज़ अतनु ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स से बातचीत में कहा- मैं पूरे समय अपनी पत्नी की आवाज़ सुन रहा था। वो मेरा उत्साह बढ़ा रही थी और अपने आप पर भरोसा रखने के लिए बोल रही थी।




