लखनऊः चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंन्द्र सिंह धोनी ने कहा है कि वो आईपीएल 2022 में खेलने के बारे में विचार करेंगे। अभी इसके आयोजन में काफी समय बचा हुआ है और उन्हें तुरंत फैसला करने की जरूरत नहीं है। चेन्नई में एक कार्यक्रम के दौरान धोनी ने कहा कि अभी हम नवंबर में हैं और आईपीएल अगले साल अप्रैल में होगा। इसलिए उनके पास इस बारे में फैसला लेने का भरपूर समय है।
चेन्नई के फाइनल जीतने के बाद धोनी लगातार चर्चा में रहे हैं और सबसे बड़ा सवाल यही है कि वो अगले आईपीएल में खेलेंगे या नहीं। आईपीएल 2022 में दो नई टीमें शामिल हो रही हैं। अहमदाबाद और लखनऊ के आने से इस लीग में काफी बदलाव होने हैं। हालांकि धोनी ने यह साफ किया है कि अभी तक उन्होंने कोई विरासत नहीं छोड़ी है। इसका मतलब यह भी हो सकता है कि वो अगले सीजन में खेल सकते हैं।
चेन्नई के लिए अच्छी टीम बनाना जरूरी
धोनी ने कहा “मैं पहले भी कह चुका हूं कि यह बीसीसीआई पर निर्भर करता है। दो नई टीमों के आने पर हमें यह फैसला करना है कि चेन्नई के हित में क्या है। टीम के शुरुआती तीन या चार खिलड़ियों में मेरा होना जरूरी नहीं है। टीम के लिए मजबूत खिलाड़ियों का एक ग्रुप बनाना जरूरी है ताकि फ्रेंचाइजी को परेशानी न हो। कोर ग्रुप के लिए हमें देखना होगा कि कौन से खिलाड़ी अगले 10 सालों तक टीम के लिए योगदान दे सकते हैं।” वहीं जब धोनी से कहा गया था कि क्या उन्हें उस विरासत पर गर्व है जो वो पीछे छोड़कर जा रहे हैं तो उन्होंने कहा कि उन्होंने अभी छोड़ा नहीं है।




