लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ में पत्रकार वार्ता में कहा कि उत्तर प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विकास हुआ है। उन्होंने पिछले पांच साल में इस क्षेत्र में हुए कार्यों का सिलसिलेवार आंकड़ा रखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2012 से 2017 के बीच केवल एक लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे ही बना। वहीं पिछले पांच साल में पूर्वांचल एक्सप्रेस वे राष्ट्र को समर्पित हो चुका है। मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेस वे शुरू हो चुका है। गंगा एक्सप्रेस व गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे का काम शुरू हो चुका है।
गंगा एक्सप्रेस वे पश्चिमी उत्तर को पूर्वी उत्तर प्रदेश से सीधे जोड़ेगा। वहीं लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस वे के काम को हम तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं। वहीं वाराणसी से कोलकाता और गोरखपुर से सिलीगुड़ी के बीच भी एक्सप्रेस वे को जल्द ही धरातल पर उतारने के लिए तेजी से काम हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 2007 से 2017 के बीच 496 पुलों का ही निर्माण हुआ था, जबकि हमने पांच साल में ही 900 से ज्यादा ब्रिज बना दिया है।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश पांच अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट वाला देश का पहला राज्य होगा। इसके अलावा भी हवाई अड्डों और हवाई पट्टी का विकास किया जा रहा है। 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में मेट्रो सेवा सिर्फ गाजियाबाद में थी। पिछले पांच सालों में हमने पांच शहरों को मेट्रो से जोड़ दिया है। देश की पहली रैपिड ट्रेन दिल्ली-मेरठ के बीच 30 हजार करोड़ रुपए की लागत से चलाने का काम चल रहा है।




