लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हर सम-विषम परिस्थिति में उत्तर प्रदेशवासियों की सुरक्षा और उनके सपनों की पूर्णता भाजपा की डबल इंजन की सरकार में सुनिश्चित हुई है। उसी क्रम में PM आवास योजना के द्वारा अमरोहा के 11,268 परिवारों के ‘अपना घर’ का सपना पूरा हुआ है यही तो है अंत्योदय। भाजपा सरकार में हुआ यूपी के गन्ना किसानों का रिकॉर्ड भुगतान उनके जीवन में समृद्धि का कारक बना है। अकेले अमरोहा में ही भाजपा सरकार ने ₹4,148 करोड़ के गन्ना मूल्य का भुगतान किया है। जबकि बसपा सरकार में ₹1,332 करोड़ व सपा सरकार में ₹2,358 करोड़ के गन्ना मूल्य का भुगतान हुआ था।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने वृद्धों, निराश्रित महिलाओं व दिव्यांगजन की पेंशन को 02 गुना कर यूपी के करोड़ों निःशक्त लोगों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान की है। अमरोहा में विगत 5 वर्षों में इन पेंशन लाभार्थियों की संख्या में भी क्रमश: 350.45%, 877.37% व 59.81% की वृद्धि हुई है। यह है लोक कल्याण! भाजपा सरकार मानती है कि शिक्षा के द्वारा ही सामाजिक बदलाव संभव है। भाजपा सरकार में ही बने अमरोहा में शिक्षा का उजियारा फैला रहे नौगांवा सादात का राजकीय ITI, महिला राजकीय ITI, अमरोहा, हसनपुर का राजकीय महाविद्यालय व राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय आदि इसी भाव को प्रकट करते हैं।
सीएम योगी ने कहा कि खुले में शौच की विवशता सदियों से सभ्य समाज को शर्मसार कर रही थी। आदरणीय प्रधानमंत्री जी की कृपा से प्रदेश में मुफ्त बन रहे करोड़ों ‘इज्जत घर’ ने सच्चे अर्थों में ‘नारी गरिमा’ को संरक्षित किया है। ‘PM स्वच्छ भारत मिशन’ से अमरोहा में बने 1,50,952 निःशुल्क शौचालय इसके गवाह हैं!स्वस्थ जीवन के लिए ‘स्वच्छ जल’ अनिवार्य आवश्यकता है। भाजपा की डबल इंजन की सरकार उ.प्र. के जन-जन तक स्वच्छ जल पहुंचाने का कार्य युद्धस्तर पर कर रही है।अमरोहा की जनता तक ₹33.44 करोड़ की ‘राजकीय पेयजल योजना’ के माध्यम से पहुंच रहा ‘स्वच्छ जल’ इसका जीवंत उदाहरण है। कृषक कल्याण को समर्पित भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने अनेक अनुपम योजनाओं द्वारा किसानों की आय अभिवर्धन सुनिश्चित की है। फल व सब्जियों के निर्यात को बढ़ावा देने हेतु अमरोहा में निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड पैक हाउस व अमरोहा की चीनी मिल का पुनरुद्धार इसी भावना का विस्तार है।




