लखनऊः संजय लीला भंसाली की बहु प्रतिक्षित फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी सिनेमा हॉल में रिलीज हो गई है। लेकिन पहले सोमवार को ही फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन बुरी तरह गिरता हुआ नजर आ रहा है। फिल्म के पहले वीकएंड पर ठीक ठाक कारोबार करने की वजह से सभी को यही लग रहा था कि फिल्म पहले सप्ताह में अच्छी कमाई कर लेगी पर सोमवार को ही फिल्म देखकर निकलने वालों का फिल्म को खास समर्थन नहीं मिल रहा है। लोग ये फिल्म संजय लीला भंसाली के नाम से देखने तो पहुंच रहे हैं लेकिन निकलते समय तारीफ सिर्फ आलिया भट्ट की कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक फिल्म ने सोमवार को करीब 7.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। ये इसके रविवार के कलेक्शन का आधा भी नहीं है।

सोमवार के दिन फिल्म ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ का असल लिटमस टेस्ट होने की आशंका सबको थी। रिलीज के पहले तीन दिन कोई भी नई फिल्म अगर ठीक ठाक स्टार कास्ट के साथ रिलीज हो तो मतलब भर का कारोबार इसलिए भी कर ले जाती है कि वीकएंड पर नई फिल्म देखने वाले ये फिल्म देख ही आते हैं। सोमवार को दफ्तर, बाजार खुलने पर लोगों को अपने दोस्तों से पता चलना शुरू होता है कि फिल्म वाकई कैसी रही। इसे फिल्म की भाषा में ‘वर्ड ऑफ माउथ’ पब्लिसिटी कहते हैं। ये सकारात्मक हुई तो फिल्म का कलेक्शन आगे दिनों दिन बढ़ता जाता है और लोगों ने अगर फिल्म को सराहा नहीं तो फिल्म सोमवार से ही लड़खड़ाने लगती है। ऐसा ही कुछ ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ के साथ होता दिख रहा है। रविवार के मुकाबले फिल्म का कलेक्शन सोमवार को आधे से भी कम आ जाने से फिल्म से जुड़े लोगों में चिंता की लहर उठनी स्वाभाविक है।

निर्देशक संजय लीला भंसाली ने फिल्म ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ जिद में शुरू की थी। सलमान खान और आलिया भट्ट को लेकर वह एक फिल्म ‘इंशाअल्लाह’ बनाने वाले थे लेकिन शूटिंग शुरू होने के ऐन पहले सलमान खान कुछ वजहों से इस प्रोजेक्ट से अलग हो गए। बताते हैं कि सलमान को संजय लीला भंसाली के बात करने का लहजा पसंद नहीं आया। संजय लीला भंसाली के तेवरों को लेकर उनके कलाकार भी अपने करीबियों से बातें करते ही रहते हैं। फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ का अपना लुक फिल्म की रिलीज से पहले ही सार्वजनिक कर देने पर रणवीर सिंह ने भंसाली के गुस्से का सामना किया था। हालांकि, रणवीर सिंह के करियर को बनाने में भंसाली का ही सबसे बड़ा हाथ रहा और दोनों का संगम अगली फिल्म ‘बैजू बावरा’ में होता भी दिख रहा है।







