Sports

गुजरात टाइटंस बनी आईपीएल 2022 की चैम्पियन, राजस्थान को 7 विकेट से दी मात

अहमदाबाद। आईपीएल में डेब्यू कर रही टीम गुजरात टाइटंस ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को खेले गए आईपीएल के खिताबी मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को सात विकेट से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान ने 20 ओवर में 9 विकेट पर केवल 130 रन का स्कोर बनाया, जिसे गुजरात ने 11 गेंद शेष रहते तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। गुजरात के लिए कप्तान हार्दिक ने 34 और शुभमन गिल ने नाबाद 45 रन बनाए। राजस्थान का इस हार के साथ 14 साल के अंतराल के बाद खिताब जीतने का सपना टूट गया।

131 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत सलामी जोड़ी रिद्धिमान साहा और शुभमन गिल ने की और राजस्थान की गेंदबाजी का मोर्चा ट्रेंट बोल्ट ने संभाला, जिन्होंने अपने पहले ओवर में मात्र 5 रन दिए। फाइनल मुकाबले में गुजरात को जिस तरह की उम्मीद साहा से थी, वे उम्मीदों पर खरें नहीं उतर पाए और गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने अपने ओवर की चौथी गेंद पर साहा को क्लीन बोल्ड कर दिया। उनके बाद मैथ्यू वेड क्रीज पर आए और गिल के साथ पारी को आगे बढ़ाया। हालांकि, वेड (8) भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिके और गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट के ओवर में रियान पराग को कैच थमा बैठे। उनके बाद कप्तान हार्दिक पांड्या क्रीज पर आए।

पांड्या और गिल के बीच तीसरे विकेट के लिए 63 रन की साझेदारी हुई। जहां पांड्या 30 गेंदों पर एक छक्का और तीन चौके की मदद से 34 रन बनाए। गेंदबाज चहल ने अपने ओवर में पांड्या को जायसवाल के हाथों कैच कराया। पांड्या के बाद डेविड मिलर क्रीज पर आए, जो एक फिनिशर के रूप में लोगों के बीच प्रसिद्ध हैं।

गिल और मिलर ने शानदार पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने तेजी से रन बनाए, जहां 16वें और 17वें ओवर में क्रमश: 12 और 13 रन झटके। वहीं, गिल ने मैककॉय के ओवर की पहली गेंद पर छक्का लगाकर आईपीएल का खिताबी मुकाबला गुजरात टीम के नाम कर दिया। इस दौरान गिल ने 43 गेंदों पर एक छक्का और तीन चौके की मदद से नाबाद 45 रन की पारी खेली। वहीं, मिलर ने भी टीम में महत्वपूर्ण योगदान देते हुए 19 गेंदों पर एक छक्का और तीन चौके की मदद से 32 रन की पारी खेली। गुजरात ने 11 गेंदें शेष रहते हुए तीन विकेट के नुकसान पर 133 रन बनाए।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH