नई दिल्ली। करीब 10 महीने बाद भारत ने बड़ा कदम उठाते हुए काबुल में अपने दूतावास को फिर से खोल दिया है। बता दें कि अफगानिस्तान में तालिबान की वापसी के बाद कई देशों ने अपने दूतावास वहां बंद कर दिए थे। इनमें भारत भी शामिल था।
भारत के इस फैसले के बाद तालिबान की सरकार ने ख़ुशी व्यक्त की है। तालिबान के प्रवक्ता अब्दुल कहार बाल्खी ने कहा कि, “अफगानिस्तान के इस्लामी अमीरात ने अफगान लोगों के साथ अपने संबंधों और उनकी मानवीय सहायता को जारी रखने के लिए काबुल में अपने दूतावास में राजनयिकों और तकनीकी टीम को वापस करने के भारत के फैसले का स्वागत किया है।”
बाल्खी ने कहा- “अफगानिस्तान में भारतीय राजनयिकों की वापसी और दूतावास को फिर से खोलना यह बताता है कि देश में सुरक्षा का माहौल है और यहां सभी राजनीतिक और राजनयिक अधिकारों का सम्मान किया जाता है।” तालिबान के प्रवक्ता ने अंतरराष्ट्रीय राजनयिक परम्पराओं के अनुसार सभी मौजूदा दूतावासों की सुरक्षा का आश्वासन दिया है। अफगानिस्तान सरकार ने अन्य देशों से अपने दूतावासों को फिर से खोलने का आह्वान किया है।




