लखनऊ। राष्ट्रीय महिला आयोग ने बीजेपी की निलंबित प्रवक्ता नूपुर शर्मा के खिलाफ समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा किए गए एक ट्वीट को उकसाने वाला करार दिया है। साथ ही आयोग ने यूपी पुलिस से तत्काल अखिलेश के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
नुपुर शर्मा ने पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। सुप्रीम कोर्ट ने पिछले सप्ताह कहा था कि शर्मा ‘और उनकी अनियंत्रित जुबान ने पूरे देश को आग में झोंक दिया है’ और उन्हें माफी मांगनी चाहिए। अखिलेश यादव ने न्यायालय के फैसले की एक खबर साझा करते हुए ट्वीट किया था, ‘सिर्फ़ मुख को नहीं शरीर को भी माफी मांगनी चाहिए और देश में अशांति और सौहार्द बिगाड़ने की सज़ा भी मिलनी चाहिए।’
उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक डी. एस. चौहान को लिखे एक पत्र में, एनसीडब्ल्यू की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा, ”ट्वीट सरासर उकसाने वाला है।” शर्मा ने कहा, ”राष्ट्रीय महिला आयोग ने पाया कि अखिलेश यादव का एक ट्वीट नुपुर शर्मा के खिलाफ नफरत एवं द्वेष की भावना को और दो धार्मिक समूहों के बीच सांप्रदायिक वैमनस्य को भड़काने वाला है, जो बेहद निंदनीय है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अखिलेश यादव के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।”




