लखनऊ। यूपी की योगी सरकार ने 18 नई नगर पंचायतें बनाने के साथ ही 18 नगर पंचायतों और दो नगर पालिका परिषद का सीमा विस्तार किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में यह फैसला किया गया।
अभी प्रदेश में 734 नगरीय निकाय हैं। इनमें 17 नगर निगम, 200 नगर पालिका परिषद एवं 517 नगर पंचायतें शामिल हैं। राज्य की लगभग 22 प्रतिशत आबादी इन नगरीय निकायों के क्षेत्र में रहती है।
नगर पंचायतें बनने और सीमा विस्तार वाले क्षेत्रों को शहरी दर्जा प्राप्त हो गया है। राज्य सरकार अब केंद्रीय और अपनी योजनाओं से इनमें विकास के काम कराएगी। इन क्षेत्रों में रहने वालों को अब शहरी सुविधाएं मिलेंगी। खासकर सीवर, पाइप लाइन से पेजयल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट के साथ ही पार्क जैसी सुविधाएं मिलेंगी। आपको बता दें कि यूपी में निकाय चुनाव नवंबर 2022 में प्रस्तावित हैं।




