National

उद्धव की धमकी, बोले- हमारा वक्त आएगा तो सोचिए कि आपका क्या होगा

मुंबई। संजय राउत की गिरफ्तारी पर बुरी तरह से भड़के उद्धव ठाकरे ने भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा कि एक दिन हमारा टाइम भी आएगा। वक्त हमेशा बदलता रहता है। जब हमारा वक्त आएगा तो सोचिए कि आपका क्या होगा। ठाकरे ने कहा आज की राजनीति बल से चल रही है। भाजपा चाहती है कि राज्यों में पार्टियां खत्म हो जाएं। अब महाराष्ट्र की जनता ही फैसला करेगी। सरकार के खिलाफ बोलने वालों पर बल प्रयोग किया जा रहा है।

उद्धव ठाकरे ने पुष्पा मूवी का जिक्र करते हुए कहा कि फिल्म में ही हम ‘झुकूंगा नहीं’ का अंदाज देखते हैं, लेकिन संजय राउत ने भी ऐसा ही किया है। मुझे संजय राउत पर गर्व है। संजय राउत असली शिवसैनिक हैं और बालासाहेब ठाकरे के अनुयायी हैं। उन्होंने कहा कि विरोध में बोलने वालों को जेल भेजा जा रहा है। संविधान को तोड़ा मरोड़ा जा रहा है। आज भाजपा जो कर रही है, वह उसका सत्ता का गुमान दिखाता है। मेरे साथ विधायक और सांसद नहीं हैं, लेकिन वफादार लोग हैं। मुझे मरना मंजूर है, लेकिन मैं शरण नहीं जाऊंगा।

शिवसेना प्रमुख ने कहा कि हम मराठी में राजनीति को शतरंज कहते रहे हैं यानी इसमें बुद्धि का इस्तेमाल होता है लेकिन अब इसमें बल का इस्तेमाल हो रहा है। जमाना हमेशा एक सा नहीं होता है। ऐसे लोगों के बुरे दिन जरूर आते हैं। आप अच्छे दिनों कैसे बर्ताव करते हैं, उससे भी बुरा व्यवहार जनता आपके साथ कर सकती है।

 

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH