नई दिल्ली। जुलाई महीने में जीएसटी संग्रह ने नया रिकार्ड बनाया है। पिछले साल जुलाई महीने में जीएसटी संग्रह की तुलना में इस जुलाई 28 प्रतिशत अधिक जीएसटी संग्रह हुआ है। इस महीने 1,48,995 करोड़ रुपये जीएसटी संग्रह दर्ज किया गया। 2017 में जीएसटी लागू होने के बाद से यह दूसरा सबसे बड़ा राजस्व है।
वित्त मंत्रालय ने इस संबंध में बयान जारी करते हुए कहा, “कुल मिलाकर, सीजीएसटी 25,751 करोड़ रुपये, एसजीएसटी 32,807 करोड़ रुपये, आईजीएसटी 79,518 करोड़ रुपये (वस्तुओं के आयात पर एकत्रित 41,420 करोड़ रुपये सहित) और उपकर 10,920 करोड़ रुपये (माल के आयात पर एकत्रित 995 करोड़ रुपये सहित) था।”
बता दें कि जून 2022 में कुल जीएसटी संग्रह 1.44 लाख करोड़ रुपये था। लगातार पांच महीनों से, मासिक जीएसटी राजस्व 1.4 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा है, जो हर महीने लगातार वृद्धि दर्शाता है।
गौरतलब है कि अप्रैल महीने में पहली बार जीएसटी राजस्व संग्रह 1.5 लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर 1.68 लाख करोड़ रुपये रहा।




