National

केजरीवाल बोले- गुजरात में 24 घंटे मिलेगी मुफ्त बिजली, पुराने बिल भी करेंगे माफ

नई दिल्ली। गुजरात में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। राज्य में 20 सालों से अधिक समय से भाजपा सत्ता में है। विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा समेत कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और अन्य दलों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बीच सबसे ज्यादा चर्चा आम आदमी पार्टी की हो रही है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमारा पहला वादा बिजली आपूर्ति को लेकर है। गुजरात में लोग संकट में हैं। बिल बहुत ज्यादा हैं। हमने दिल्ली में बिजली आपूर्ति मुफ्त कर दी है। पंजाब में 25 लाख घरों में हाल ही में शून्य बिजली बिल मिला है। केजरीवाल ने कहा कि जल्द ही पंजाब के कुल 51 लाख परिवारों को सिर्फ शून्य बिल मिलेगा। हम यहां गुजरात में भी चौबीसों घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करेंगे। हम पिछले साल के बिल भी माफ करेंगे।

अरविंद केजरीवाल ने यहां के बेरोजगारों को रोजगार देने का वादा दोहराया। उन्होंने कहा कि गुजरात के युवा रोजी-रोटी की कमी से परेशान हैं। कुछ ही वर्षों में हमने दिल्ली में 12 लाख युवाओं को रोजगार दिया है। हम गुजरात में भी बेरोजगारों को रोजगार देंगे और जबतक ऐसा नहीं होता, बेरोजगारों को हर महीने 3000 रुपये देंगे। बता दें कि इससे पहले एक अगस्त को सोमनाथ में जनसभा के दौरान केजरीवाल ने कहा था कि मैं गुजरात के लोगों को रोजगार की गारंटी देता हूं। राज्य के हर बेरोजगार व्यक्ति को नौकरी दी जाएगी। जिन लोगों को नौकरी नहीं मिलेगी उन्हें हर महीने 3 हजार रुपये दिए जाएंगे।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH